हत्या, आगजनी और ब्लास्ट में लिप्त नक्सली गिरफ्तार
डीआरजी, जिला बल एवं आईटीबीपी ने पकड़ा
जगदलपुर बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों ने एक सक्रिय नक्सली को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए नक्सली का नाम 20 वर्षीय मनदेर दर्रो पिता फूलधर दर्रो है तथा वह नारायणपुर जिले के छोटे डोंगर थाना अंतर्गत ग्राम तुरूषमेटा का निवासी है।
नारायणपुर जिले में पुलिस अधीक्षक पुष्कर शर्मा के नेतृत्व में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत नक्सल घटनाओं में शामिल उक्त सक्रिय नक्सली को पकड़ने में नारायणपुर पुलिस को सफलता मिली है। बताया गया है कि छोटेडोंगर से डीआरजी, जिला पुलिस बल एवं आईटीबीपी 29वीं वाहिनी की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान हेतु ग्राम चमेली, बाहकेर, रोहताड़ एवं तुरूषमेटा की ओर गई थी। इसी दौरान तुरूषमेटा में मनदेर दर्रो को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा गया। पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह क्षेत्र के माओवादियों के साथ मिलकर मिलिशिया सदस्य के रूप में कार्य करता आ रहा है एवं 23 सितंबर 2021 को नक्सलियों के साथ मिलकर ग्राम मढ़ोनार के पास सड़क निर्माण में लगे वाहनों में आगजनी व मजदूरों के साथ मारपीट कर मुंशी की हत्या की घटना में शामिल रहा है। इसके अलावा 13 दिसंबर 2023 को अमदई घाटी में सुरक्षा बल पर किए गए आईईडी विस्फोट की घटना में भी शामिल रहने की बात उसने स्वीकार की है। इन दोनों घटनाओं को लेकर छोटेडोंगर थाने में पृथक पृथक अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया था। थाना छोटेडोंगर के उक्त दोनों मामलों में आरोपी मनदेर दर्रो को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
ये मामले दर्ज हैं मनदेर के खिलाफ
नारायणपुर पुलिस के मुताबिक मनदेर दर्रो के खिलाफ छोटेडोंगर थाने में धारा 147, 148, 149, 302, 396, 341, 435, 323, 506 भादंवि, 25 आर्म्स एक्ट, 13, 20, 38, 39 विविक्रि निवारण अधिनियम के तहत सन 2021 में मामला दर्ज हुआ था। तब उसने माओवादियों के साथ मिलकर ग्राम मढ़ोनार में सड़क निर्माण में लगे वाहनों में आगजनी कर मजदुरों के साथ मारपीट कर मुंशी संदीप जाना की हत्या को अंजाम दिया था। इसके अलावा वह इसी थाने में धारा 147, 148, 149, 307, 302, 120 बी भादंवि 25, 27 आर्म्स एक्ट, 3, 4 विप अधिनियम, 10, 13, 16, 20, 38, 39 विविक्रि निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मामले का भी आरोपी है। 13 दिसंबर 2023 को अमदाई घाटी में सुरक्षाबल को जान से मारकर हथियार लूटने की नीयत से आईईडी विस्फोट एवं फायरिंग की घटना में भी वह शामिल रहा है। इस वारदात में एक जवान शहीद हो गया था।
