स्व. इंदिरा गांधी की जयंती पर बीजापुर में कांग्रेसियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

बीजापुर,19 नवंबर 2026 :- जिला मुख्यालय बीजापुर में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने देश की पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की जयंती पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया तथा देश की एकता, अखंडता और गरीब-वंचित वर्गों के उत्थान में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर ने स्व. इंदिरा गांधी को “आयरन लेडी” और अदम्य साहस की प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने नेतृत्व से भारत को विश्व मंच पर मजबूत स्थान दिलाया। 1971 के युद्ध में उनके निर्णायक नेतृत्व से बांग्लादेश का निर्माण हुआ, जिससे देश की सामरिक प्रतिष्ठा बढ़ी। बैंकों का राष्ट्रीयकरण, हरित क्रांति और “गरीबी हटाओ” का नारा उनके ऐसे ऐतिहासिक कदम थे, जिन्होंने आम जनता, किसानों और वंचित वर्गों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया।
लालू राठौर ने उनके व्यक्तित्व को साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा का पर्याय बताते हुए आगे कहा कि इंदिरा गांधी ने गरीबों, महिलाओं और आदिवासी क्षेत्रों के विकास की नींव रखी, जो आज भी प्रासंगिक है। कांग्रेसियों ने उनके बताए रास्ते पर चलने और उनकी विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नेता बड़ी संख्या में शामिल रहे। सभी ने उनके चित्र के समक्ष श्रद्धा सुमन अर्पित कर “जब तक सूरज-चांद रहेगा, इंदिरा जी का नाम रहेगा” के भाव से उन्हें याद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *