डीएवी स्कूल में टीचर्स ने की छात्राओं से गंदी हरकत खदान मजदूर संघ ने खोला मोर्चा
दल्ली राजहरा। नगर में बीएसपी के सहयोग से संचालित डीएवी इस्पात सीनियर सेकंडरी स्कूल के दो शिक्षकों द्वारा वहां पढ़ने वाली छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें और छेड़खानी करने का मामला सामने आया है।
भारतीय मजदूर संघ भिलाई से संबद्ध खदान मजदूर संघ के अध्यक्ष और भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश शिक्षा संयोजक मुश्ताक अहमद ने बताया कि डीएवी इस्पात सीनियर सेकंडरी स्कूल दल्ली राजहरा में बीते 5 अक्टूबर को स्कूल के दो शिक्षकों द्वारा अलग अलग कक्षाओं में बच्चियों के साथ छेड़छाड़ और दुर्व्यवहार जैसी ओछी हरकत की गई थी। इस पर संज्ञान लेते हुए दिनांक 8 अक्टूबर को राजहरा खदान की लगभग सभी पंजीकृत यूनियनों ने सबसे पहले मुख्य महाप्रबंधक खदान को एक लिखित शिकायत पत्र दिया कि ऐसे शिक्षकों को तत्काल निलंबित कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। यह स्कूल बीएसपी द्वारा ही संचालित किया जाता है। इस स्कूल के एलएमसी अध्यक्ष भी मुख्य महाप्रबंधक खदान ही होता है। किंतु आज तक शिक्षकों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसके बाद उसी दिन यूनियन के पदाधिकारियों ने स्कूल के प्राचार्य से मिलकर ऐसे शिक्षकों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। कूल के प्राचार्य ने दिनांक 9 अक्टूबर को शिक्षकों द्वारा बच्चियों के साथ छेड़खानी की लिखित शिकायत राजहरा थाने में की। प्राचार्य ने यूनियन प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि ऐसे शिक्षकों को स्कूल में रहने का कोई अधिकार नहीं है और अपराध पंजीबद्ध होना चाहिए। किंतु आज लगभग 40 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस प्रशासन द्वारा किसी भी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की गई है जबकि ऐसे मामलों में शिकायत मिलने वाले दिन ही अपराध पंजीबद्ध करना होता है। संघ के अध्यक्ष मुश्ताक अहमद ने आगे बताया कि आज भारतीय मजदूर संघ और भारतीय जनता पार्टी द्वारा संयुक्त रूप से एक ज्ञापन राजहरा थाना प्रभारी को दिया गया है और आरोपी शिक्षकों पर तत्काल अपराध पंजीबद्ध करने की मांग की गई है। टीआई को यूनियन नेताओं ने बताया कि विद्यालय प्रशासन ने 9 अक्टूबर को सारी शिकायतें एक सीलबंद लिफाफे में आपके थाना में दी थी, मगर लगभग 40 दिन बीत गए, कार्रवाई अब तक नहीं हुई है। आज तक संघ, पालकों और विद्यालय प्रबंधन को इस बात की कोई लिखित जानकारी नहीं दी गई है कि क्या उक्त सीलबंद लिफाफा थाना में प्राप्त हुआ है?यदि प्राप्त हुआ, तो उस पर क्या डायरी क्रमांक डाला गया है? क्या उस शिकायत पर अपराध पंजीबद्ध किया गया है?यदि अपराध पंजीबद्ध नहीं किया गया है, तो किस कारण से नहीं किया गया है? क्या शिकायतकर्ताओं के बयान लिए गए हैं?शिक्षकों की विद्यालय में वापसी से खतरा बढ़ गया है। शिकायत के बाद भी संबंधित शिक्षक पुनः विद्यालय में आ गए हैं और उसी स्कूल में पढ़ा रहे हैं। इससे शिकायत करने वाली बच्चियों में भय का माहौल है और अन्य बच्चियां भी शिकायत करने की हिम्मत नहीं कर पा रही हैं। विद्यालय में लगभग 600 से 650 बच्चियां अध्ययनरत हैं। शिक्षकों की वापसी के बाद से सभी पालक अपनी बच्चियों की सुरक्षा को लेकर भयभीत हैं। पूरे राजहरा नगर में आक्रोश का माहौल है। मुश्ताक अहमद ने कहा है कि इस विद्यालय में पढ़ने वाली अधिकांश बच्चियां नाबालिग हैं। नाबालिग बच्चियों के साथ छेड़छाड़, अश्लील हरकत एवं दुर्व्यवहार की शिकायत पॉक्सो अधिनियम 2012 के अंतर्गत आती है।
पॉक्सो अधिनियम की धारा 19 के अनुसार किसी भी व्यक्ति को नाबालिग के साथ इस प्रकार की घटना की जानकारी होने पर थाना को सूचित करना अनिवार्य है। धारा 21 के अनुसार सूचना न देने पर भी दंड का प्रावधान है।
विद्यालय ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए शिकायत थाना भेज दी, अब पुलिस की जिम्मेदारी है कि वह शिकायत पर विधि अनुसार कार्रवाई करे। मुश्ताक अहमद के मुताबिक उन्हें ऐसी जानकारी भी मिली है कि स्कूल प्रबंधन द्वारा बच्चियों और पालकों पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा हैm जबकि एक शिक्षक की शिकायत तो उस कक्षा के लगभग सभी बच्चियों ने की है और एक आरोपी शिक्षक की तो यह छेड़छाड़ की तीसरी घटना है इससे पहले उसने 2018, 2024 में की थी और अब 2026 में ऎसी हरकत की है। ऐसे शिक्षक का स्कूल में रहना स्कूल की बच्चियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। इसलिए संघ की मांग है कि अगर इस पत्र के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती है, तो संघ जिला प्रशासन, जिला बाल संरक्षण समिति एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन देने के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से संघ के अध्यक्ष मुश्ताक अहमद, भाजपा मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू, मंडल मंत्री समर्थ लखानी, पार्षद मेवालाल पटेल, एल्डरमैन महेंद्र सिंग, राकेश देवांगन, ललित जैन, एवं भारतीय मजदूर संघ से शेखर निर्मलकर, विमल यादव, डामेंद्र साहू, विक्टर जॉन, विजय कुमार, परस साहू, अजहरुद्दीन, त्रिभुवन रावटे, सोनू ठगेल, निलेश श्रीवास्तव, बसंत कुमार, एवं अन्य लोगों की उपस्थिति थी
