वन विभाग की कार्रवाई पर भड़के विधायक विक्रम मंडावी
जगदलपुर। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में वन विभाग द्वारा की गई कार्रवाई अब तूल पकड़ता दिख रहा है। बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने कहा है कि वन विभाग ने ऊसूर ब्लाक के ग्राम कोत्तापल्ली के पास रहने वाले आदिवासियों से मारपीट की और उनके घरों में आग भी लगा दी।अतिक्रमण के नाम पर 17 आदिवासियों को जेल भेजा गया। विधायक मंडावी ने इस मनमानी की
कड़ी निंदा की है।
विधायक विक्रम मंडावी ने बयान जारी कर कोत्तापल्ली गांव में वन विभाग की कार्रवाई को अमानवीय बताते हुए भाजपा सरकार से पूछा है कि आखिर गरीब आदिवासियों पर इतनी निर्मम कार्रवाई क्यों और किसके इशारे पर की गई? विधायक विक्रम मंडावी ने यह भी पूछा है कि क्या इस कार्रवाई को भाजपा सरकार का संरक्षण प्राप्त था? विधायक विक्रम मंडावी ने कहा जब भाजपा सरकार नक्सलियों से बात कर सकती थी, तो गरीब आदिवासियों से बातचीत कर हल क्यों नहीं निकाला जा सकता था? श्री मंडावी ने कहा कि गरीब आदिवासियों पर अमानवीय कार्रवाई करने वाले वन विभाग के अधिकारी कर्मचारियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
