स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने किया किरण देव का अभिनंदन



जगदलपुर :- छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की चतुर्थ श्रेणी मेकाज इकाई ने भव्य समारोह में जगदलपुर के विधायक एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष तथा चित्रकोट के विधायक विनायक गोयल का अभिनंदन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने किरण देव और विनायक गोयल को स्वास्थ्य कर्मियों की समस्याओं एवं मांगों से अवगत भी कराया।
विशाल हॉल में आयोजित अभिनंदन समारोह में जिलेभर के स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित थे। छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के उप प्रांताध्यक्ष एवं बस्तर जिला अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह परिहार, जिला मीडिया प्रभारी भीखम साहू, चतुर्थ वर्ग स्वास्थ्य कर्मचारी संघ मेकाज के जिला अध्यक्ष गुजराल शार्दुल, चतुर्थ श्रेणी मेकाज अध्यक्ष निर्मला ठाकुर, अनियमित कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष रिकेश्वर प्रसाद निवेंद्र तथा अन्य पदाधिकारियों ने श्री देव एवं श्री गोयल का विशाल पुष्पाहार पहनाकर, बुके एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर अभिनंदन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए किरण देव सिंह ने कहा कि मैं बीमार लोगों की सेवा में दिन रात लगे रहने वाले स्वास्थ्य कर्मियों के बीच पहुंचकर स्वयं को धन्य महसूस कर रहा हूं। आप सभी सेवाभावी लोग हैं। हमारी प्रदेश सरकार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मैं स्वयं और विनायक गोयल आपके हर सुख दुख में सदैव आप लोगों के साथ खड़े मिलेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी भाजपा सरकार सामाजिक सरोकारों से जुड़कर अपना दायित्व निभाने वाली सरकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कामकाज, सदाशयता और कर्मचारियों व आमजन के लगाव को तो आप लगातार देखते आ रहे हैं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्रीद्वय अरुण साव तथा विजय शर्मा की कार्यप्रणाली भी कर्मचारी हितैषी ही होगी।आप सभी के कामकाज को मैं नमन करता हूं। विनायक गोयल ने भी समारोह को संबोधित किया। कर्मचारियों ने किरणदेव और विनायक गोयल से आग्रह किया कि 4 प्रतिशत बढ़े हुए डीए के भुगतान की व्यवस्था जल्द कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *