कांग्रेस की नागपुर रैली में भाग लेंगे हजारों कार्यकर्ता



जगदलपुर :- कांग्रेस के 139वें स्थापना दिवस पर 28 दिसंबर को नागपुर में आयोजित होने वाली रैली में बस्तर से हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे।
बस्तर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने यहां कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में उक्त जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के स्थापना दिवस के अवसर पर कांग्रेस पार्टी द्वारा नागपुर में एक विशाल रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस रैली के जरिए कांग्रेस लोकसभा चुनाव 2024 के प्रचार अभियान का शंखनाद भी करेगी। स्‍थापना द‍िवस पर आयोज‍ित होने वाली रैली में राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी शामिल होंगी। इसमें 10 लाख से ज्‍यादा लोगों के श‍िरकत करने की संभावना है।छत्तीसगढ़ से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, प्रदेश पदाधिकारी, सभी जिला अध्यक्ष सहित हज़ारों कार्यकर्ता इस रैली में भाग लेने नागपुर पंहुचेंगे। शहर जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि नागपुर में आयोजित यह रैली राजनीति में परिवर्तन का शंखनाद होगा। यह रैली बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले में केंद्र सरकार की विफलता, संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता पर हमले के विरोध में आम जनता की प्रबल आवाज बनेगी। कांग्रेस पार्टी अपनी स्थापना के समय 1885 से ही जनता की आवाज बनकर संघर्ष करती आई है। देश की आजादी की लड़ाई कांग्रेस पार्टी ने लड़ी और देश की आजादी के बाद भारत के नवनिर्माण में कांग्रेस का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कांग्रेस पार्टी हमेशा जन समस्याओं को लेकर मुखर रही है। आगे भी जनता की आवाज बनी रहेगी और आगामी लोकसभा चुनाव में बदलाव को लेकर हम तैयार हैं। इस दौरान पूर्व विधायक रेखचंद जैन, महापौर सफीरा साहू, राजेश राय, अवधेश झा, ज़ाहिद हुसैन, महेश द्विवेदी, शादाब अहमद, सलीम जाफर अली, विजेंद्र ठाकुर व अन्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *