आदिवासी युवाओं का हक मारने वाले बख्शे नहीं जाएंगे विष्णुदेव साय



व्यर्थ नहीं जाएगा भाजपा कार्यकर्ताओं का बलिदान

जगदलपुर। सीजी पीएससी परीक्षा में घोटाला करके आदिवासी युवाओं का हक मारने वालों को हरगिज बख्शा नहीं जाएगी। उन्हें उनकी करनी की सजा भोगनी ही पड़ेगी।
शनिवार को जगदलपुर में आयोजित संभाग स्तरीय भाजपा कार्यकर्ता सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने भाषण की शुरुआत नक्सलियों द्वारा मारे गए भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को नमन कर की। उन्होंने कहा कि बस्तर संभाग के हमारे नेताओं और कार्यकर्ताओं का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। अपने दिवंगत साथियों को नमन करते आप सभी को भरोसा दिलाता हूं कि कार्यकर्ताओं के मान सम्मान को कभी आंच नहीं आने दी जाएगी। हमारी पार्टी में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को भी उतना ही सम्मान मिलता है, जितना कि बड़े नेताओं को। श्री साय ने कहा कि एक आदिवासी होने के नाते आदिवासियों की धरती बस्तर में आकर मैं अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा आदिवासियों, अनुसूचित जाति के लोगों, दलितों और पिछड़ों का बहुत सम्मान करते हैं। पिछली कांग्रेस की सरकार में सीजी पीएससी परीक्षा में घोटाला कर आदिवासी युवाओं का हक मारा गया। कांग्रेस नेताओं और अफसरों के रिश्तेदारों को उपकृत किया गया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने विधानसभा चुनावों के दौरान घोषणा की थी कि पीएससी परीक्षा घोटाले की जांच कराई जाएगी। हमारी प्रदेश सरकार इस घोटाले की सीबीआई जांच कराने की सिफारिश कर दी है। अब पात्र परीक्षार्थियों को इंसाफ मिलेगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नक्सलियों ने बस्तर के हमारे कई नेताओं की हत्या की है। मैं अपने दिवंगत नेताओं को नमन करते हुए आप सभी को भरोसा दिलाता हूं कि नेताओं का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और ऐसी घटनाओं से आप लोगों को विचलित नहीं होना है। श्री साय ने कहा कि अपने चुनावी घोषणा पत्र के अनुसार हमारी सरकार ने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर 25 दिसंबर को सुशासन दिवस मनाते हुए बकाया धान बोनस की राशि 3716 करोड़ रू. किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी है। बाकी वादे और प्रधानमंत्री श्री मोदी की हर गारंटी को भी जल्द पूरा किया जाएगा। महतारी वंदन योजना के तहत मातृशक्ति को 12 हजार रू. सालाना, 5500 रू मानक बोरा की दर से तेंदूपत्ता खरीदी, तेंदूपत्ता श्रमिकों को 4500 रू बोनस का भुगतान किया जाएगा। सभी विभागों में रिक्त पद भरे जाएंगे। मुख्यमंत्री ने राज्य में सरकार गठन में अहम योगदान के लिए कार्यकर्ताओं को साधुवाद दिया।

जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं को – किरणदेव
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं जगदलपुर के विधायक किरणदेव सिंह ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा किभाजपा ही एकमात्र पार्टी है, जहां मैदानी कार्यकर्ताओं को भी पूरा सम्मान दिया जाता है। पार्टी को जब भी और जहां भी जीत मिलती है, उसका श्रेय वहां के कार्यकर्ताओं को दिया जाता है। बिना कार्यकर्ताओं की मेहनत के कोई भी राजनैतिक दल सफलता प्राप्त नहीं कर सकता। किरणदेव सिंह ने कहा कि बस्तर संभाग की बारह में से आठ सीटों पर विजय आप मेहनती और लगनशील कार्यकर्ताओं, जिला एवं मंडल पदाधिकारियों, महिला मोर्चा व अन्य प्रकोष्ठों के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर मिली है। इसके लिए आप सभी साथियों का मैं आभार प्रकट करता हूं। किरण देव सिंह ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान भी किया। सम्मान समारोह में बस्तर संभाग के सातों जिलों बस्तर, सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर के हजारों पार्टी कार्यकर्ता, प्रदेश, जिला व मंडल पदाधिकारी तथा जनप्रतिनिधि पहुंचे थे। मंच पर उप मुख्यमंत्री द्वय अरुण साव एवं विजय शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव सिंह, वन एवं जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप, कांकेर के सांसद मोहन मंडावी, विधायक लता उसेंडी, नीलकंठ टेकाम, विनायक गोयल, चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप डॉ. सुभाऊ कश्यप, श्रीनिवास मद्दी, कमलचंद्र भंजदेव, महेश गागड़ा, संतोष बाफना, बेदूराम कश्यप, राजाराम तोड़ेम, संजय पाण्डेय, लच्छू कश्यप, सुरेश गुप्ता, गीता मिश्रा व अन्य नेता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *