जीत के जज्बे से ही मिलती है कामयाबी लखेश्वर बघेल


बकावंड :- ग्राम टिकरा लोहंगा एवं झार उमरगांव में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिताओं के फाइनल मैच खेले गए। बयागुड़ा और झार उमरगांव की टीमें विजेता रहीं। दोनों जगहों पर प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल थे।

टिकरा लोहंगा में आयोजित ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच बयागुड़ा और उलनार के मध्य खेला गया एवं झार उमरगांव की प्रतियोगिता में खिताबी भिड़ंत बेड़ा उमरगांव और झार उमरगांव के बीच हुई। दोनों मैच काफी रोमांचक रहे। टिकरा लोहंगा में 12 दिनों तक चली प्रतियोगिता में बयागुड़ा और उलनार के बीच हुए फाइनल मुकाबले में बयागुड़ा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 74 रन बनाए। इसका पीछा करते हुए उलनार की टीम 9 ओवर में 68 रन बनाकर टीम ऑलआउट हो गई। बयागुड़ा यह मैच 6 रन से जीत गई। झारउमरगांव में बेड़ा उमरगांव और झारउमरगांव के मध्य हुए फाइनल मुकाबले में बेड़ा उमरगांव टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 94 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए झार उमरगांव के खिलाड़ी जागेश्वर ने अंतिम ओवर में शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिक्सर मारकर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। खिलाड़ियों और उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक लखेश्वर बघेल ने कहा कि खेलों का शारीरिक और मानसिक विकास के साथ ही व्यक्तित्व निर्माण में भी बड़ा महत्वपूर्ण योगदान रहता है। स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं दिलाने का प्रयास किए जाएं, तो बच्चों और युवाओं में खेलों के प्रति लगाव की भावना उत्पन्न होगी, जो उन्हें आगे ले जाने में सहायक बनेगी। श्री बघेल ने कहा कि हर खेल और जीवन के हर मोड़ में हार – जीत लगी रहती है। जीत जाना ही सब कुछ नहीं है। जीत का जज्बा भी बड़ी कामयाबी दिलाता है। उन्होंने विजेता टीमों को शुभकामनाएं दी। इस दौरान सरपंच डमरूधर बघेल, सुकरू राम, मानसिंह कवासी, मधु निषाद, तुलसीराम ठाकुर, जागेंद्र कुमार जिराम, राजेश कुमार, मंगलराम मौर्य, होमसिंह कश्यप, नारायण बघेल, शिवनाथ समेत सैकड़ों खिलाड़ी, दोनों गांवों के ग्रामीण, महिलाएं एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *