जैतगिरी के सरस्वती शिशु मंदिर में जिला स्तरीय खेलकूद स्पर्धा शुरू



बकावंड। विकासखंड बकावंड के जैतगिरी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में
सरस्वती ग्राम शिक्षण संस्थान जगदलपुर बस्तर के मार्गदर्शन में तीन दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद एवं सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन शुरू हुआ।

विद्यालय की प्रधानाचार्या दिगेश्वरी वैष्णव ने बताया कि तीन दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद एवं सांस्कृतिक महोत्सव में बस्तर जिले के अंतर्गत ग्राम भारती के 16 विद्यालयों के 400 से अधिक भैया- बहनें भाग ले रहे हैं।उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत बस्तर के उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप उपस्थित थे। मुख्य अतिथि श्री कश्यप ने अपने उद्बोधन में कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए शिक्षा के साथ साथ खेलों का भी विशिष्ट महत्व है। आज खेल के माध्यम से हमारे बच्चे कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं।बड़े बुजुर्ग कहा करते थे कि पढ़ोगे लिखोगे, बनोगे नवाब अब खेलोगे कूदोगे, तो बनोगे महान की कहावत चरितार्थ होती है। उन्होंने बच्चों को उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। मंच पर उपस्थित ग्राम भारती के संस्थान प्रतिनिधि हेमंत पांडे ने बताया कि आज देशभर में सरस्वती शिशु मंदिर बच्चों के जीवन में शिक्षा के साथ साथ खेलकूद सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के माध्यम से विभिन्न संस्कारों एवं राष्ट्रहित समाज हित की भावना जागृत करने वाला एकमात्र संस्थान है। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में पूर्व जिला पंचायत सदस्य स्नेहलता बैस, जनपद सदस्य खिजेश्वरी बघेल, संस्थान एवं विद्यालय समिति के पदाधिकारी, बच्चों के पालक व ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *