कलेक्टर ने लिया धान खरीदी की स्थिति का जायजा

अचानक पहुंचे करणपुर धान उपार्जन केंद्र में

जगदलपुर :- बस्तर के कलेक्टर विजय दयाराम के. गुरुवार को अपने निरीक्षण दौरे के दरमियान जगदलपुर विकासखंड के करणपुर धान उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने धान की नमी मापक यंत्र के जरिए से धान की नमी का परीक्षण भी किया। खरीदी केंद्र प्रभारी से पंजीकृत किसानों की संख्या, किसानों द्वारा बेचे जा चुके धान की मात्रा की स्थिति, रकबा समर्पण की स्थिति, बारदाना की उपलब्धता और धान के उठाव एवं परिवहन की स्थिति की जानकारी ली। कलेक्टर ने ग्रामीणों से धान की उपज और धान में कालापन की स्थिति के संबंध में भी चर्चा की। उन्होंने बचे हुए दिनों में शेष किसानों के भी धान की खरीदी सुनिश्चित कर लेने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

रामपाल में रुके थे भगवान राम
उपार्जन केंद्र के निरीक्षण के दौरान वहां पहुंचे रामपाल गांव के ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि उनके गांव में प्राचीन मंदिर है, समय निकाल कर दर्शन करने चलिए। इस पर कलेक्टर विजय दयाराम के. वहां जाने के लिए सहर्ष तैयार हो गए। वे ग्रामीणों के साथ रामपाल स्थित लिंगेश्वर शिव मंदिर के दर्शन के लिए पहुंचे। उन्होंने मंदिर में पूजा अर्चना कर जिले की खुशहाली की कामना की। मंदिर के पुजारी ने मंदिर का इतिहास बताते हुए कहा कि वनवास के दौरान भगवान श्री रामचंद्र, माता सीता और लक्ष्मण जी ने कुछ दिन इस गांव में व्यतीत किए थे। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों द्वारा गांव में खनन के दौरान वर्ष 1806 की घंटी भी मिली है। वर्तमान में मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य जन सहयोग से किया जा रहा है। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रकाश सर्वे, जनपद सीईओ अमित भाटिया व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *