भाजपा नेता तिरूपति कटला एवं मोरमेड़ के सरपंच की हत्या में शामिल तीन नक्सली गिरफ्तार
जगदलपुर। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले की तोयनार थाना पुलिस, डीआरजी एवं छसबल 19 सी कैंप तोयनार की संयुक्त टीम ने भाजपा नेता एवं जनपद सदस्य तिरुपति कटला और मोरमेड़ के सरपंच की हत्या में शामिल तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस और सुरक्षा बलों की टीम चिंतनपल्ली की ओर एरिया डॉमिनेशन पर निकली थी। इसी साल 1 मार्च को भाजपा नेता एवं जनपद सदस्य तिरूपति कटला की हत्या की गई थी। सुरक्षा बलों ने अभियान के दौरान तिरुपति कटला की हत्या में शामिल 3 आरोपियों को चिंतनपल्ली से पकड़ा। इन नक्सलियों में मिलिशिया कमांडर मुन्ना मुड़मा, डीएकेएमएस सदस्य राजू मुड़मा और भूमकाल मिलिशिया सदस्य लखमू मुड़मा शामिल हैं। पकड़े गए नक्सली वर्ष 2022 में मोरमेड़ सरपंच की हत्या में भी शामिल थे। मिलिशिया कमांडर मुन्ना मुड़मा के खिलाफ थाना तोयनार में 3 स्थाई वारंट लंबित हैं। इन नक्सलियों के विरूद्ध थाना तोयनार में वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
