प्रशासन की सक्रियता से दरभा क्षेत्र के 19 मजदूर वापस लाए गए कर्नाटक और हैदराबाद से
जगदलपुर। प्रशासन की सक्रियता से सोमवार को दरभा क्षेत्र के 19 मजदूर कर्नाटक और हैदराबाद से छुड़ाकर लाए गए। कलेक्टर विजय दयाराम के. के मार्गदर्शन में जिले के श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों को उनकी मेहनताना राशि ठेकेदारों से वसूल कर लाने पर कलेक्टर ने जिला कार्यालय में राशि का वितरण किया। साथ ही मजदूरों को अधिक मेहनताना की लालसा में अन्य राज्य पलायन नहीं करने की समझाईश भी दी।
ज्ञात हो कि विकासखंड दरभा क्षेत्र के 19 श्रमिक अधिक मजदूरी के लालच में कर्नाटक में 14 व हैदराबाद के एलपी नगर में 5 मजदूर बोरिंग गाड़ी में मजदूरी कर रहे थे। जिन्हें मजदूरी भुगतान नहीं मिलने की शिकायत आने पर बस्तर जिला प्रशासन द्वारा दल का गठन कर 19 श्रमिकों को भुगतान सहित सकुशल गृहग्राम पहुंचाया गया है। उक्त 19 श्रमिकों को प्रशासन द्वारा 7 लाख 31 हजार 500 रुपए दिलवाए गए। जिसमें सन्ना सोढ़ी, समदू, धनीराम, कमलू, सन्नू को 56 हजार 400 रुपए मिले। इसके अलावा घेनवा, अरकित, हिडमा, लखमा और राजू को 42 हजार 300 रुपए, रागा को 28 हजार 500 रुपए, पोदिया व सोमा को 35 हजार 250 रुपए, मुंगला मरकाम और लक्ष्मण मरकाम को 40 हजार रुपए, सुखराम को 7 हजार, दशमन 11 हजार, हांदाराम मरकाम और भवानी मरकाम को 20 हजार रुपए मेहनताना की राशि दी गई। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत प्रकाश सर्वे, संयुक्त कलेक्टर सुनील शर्मा, श्रम विभाग के अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित थे। इस दौरान कलेक्टर ने कई लोंगो को उनकी राशि गिनवाई, एक बालक ने अशिक्षित होने के कारण राशि गिनने में असमर्थता जताई जिसके लिए कलेक्टर ने उसे साक्षर बनाने हेतु साक्षरता अभियान से जोड़ने के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए।
