आदिवासी मुख्यमंत्री के राज में और आदिवासी विधायक के क्षेत्र के आदिवासी युवा बरसते पानी में उतरे सड़क पर

अर्जुन झा-
जगदलपुर :- आदिवासी मुख्यमंत्री के राज में आदिवासी विधायक के निर्वाचन क्षेत्र नारायणपुर के बेरोजगार आदिवासी युवा बरसते पानी में नौकरी की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए हैं। आज प्रदर्शन कर युवाओं और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक भी हो गई। इसके बाद पुलिस कुछ युवकों को पकड़ कर ले गई।इसके बाद युवक पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद और पुलिस प्रशासन हाय हाय के नारे लगाते रहे।
बस्तर संभाग के नारायणपुर में शनिवार को दर्जनों युवा तेज बरसात के बीच छाते लेकर सड़क पर प्रदर्शन करने उतर आए।नारायणपुर के ये आदिवासी युवा रोजगार की मांग को लेकर सड़क पर हैं। प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने कहा है कि 2 लाख नौकरी देने का वादा कर सत्ता में आई भाजपा अब लगातार युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। कभी इनके वित्त मंत्री कहते हैं रोजगार देने पैसा कहां से आएगा?, तो इधर बस्तर के युवाओं को पकड़कर जेल भेजा जा रहा है।प्रदेश के मुख्यमंत्री स्वयं आदिवासी हैं, वन मंत्री केदार कश्यप भी नारायणपुर से विधायक हैं और इसी क्षेत्र के निवासी हैं। युवाओं ने सवाल उठाया है कि क्या आदिवासी मुख्यमंत्री और क्षेत्र के आदिवासी विधायक एवं केबिनेट मंत्री के राज में हम आदिवासी युवाओं को न्याय मिल पाएगा? आज नारायणपुर में प्रदर्शन कर रहे युवाओं और पुलिस कर्मियों के बीच तब हल्की नोकझोंक शुरू हो गई जब पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे कुछ युवाओं को पकड़ कर अपने वाहन में बिठाने लगे। सारे युवक पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद, पुलिस प्रशासन हाय हाय, पुलिस तेरी तानाशाही नहीं चलेगी जैसे नारे लगाने लगे। प्रबल विरोध के बावजूद पुलिस कुछ युवकों को पकड़ कर ले गई। वहीं उसके बाद भी युवकों का प्रदर्शन चलता रहा। प्रदर्शनकारी युवा किस संगठन से जुड़े हैं, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। सूत्र बताते हैं कि इन युवाओं का प्रदर्शन लंबा चलने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *