धान खरीदी के लिए बारदाना की उपलब्धता सहित सभी व्यवस्था करने के निर्देश, जिले में पर्याप्त बारदाना सुलभ
बीजापुर :- राज्य शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में समर्थन मूल्य पर जिले के कुल 21 धान उपार्जन केन्दों के माध्यम से पंजीकृत कृषकों से धान का उपार्जन 1 दिसम्बर 2021 प्रारंभ किया गया है। कलेक्टर राजेन्द्र कुमार कटारा ने सभी नोडल अधिकारियों को धान खरीदी सुचारू रूप से कराने हेतु निर्देशित किया है तथा धान खरीदी में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो एवं किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या एवं परेशानी न हो इसके विशेष निर्देश दिये गये हैं। वहीं इस दिशा में किसानों से रूबरू चर्चा कर उनकी दिक्कतों को संवेदनशीलता के साथ दूर किये जाने के निर्देश दिए गए हैं। सभी समितियों से पीडीएस बारदाना नया जूट बारदाना मिलर बारदाना से खरीदी की जा रही है तथा किसानों से उनकी सहमती के आधार पर किसान बारदाना से भी खरीदी की जा रही है। खाद्य अधिकारी बीजापुर से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में सभी समितियों में बारदाना पर्याप्त रूप से भण्डारण कर दिया गया है एवं आवश्यकता पड़ने पर समय-समय पर शासन द्वारा आपूर्ति की जावेगी। पंजीयन एवं खरीदी से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या किसान/ग्रामीण जिला स्तरीय टोल फ्री कॉल सेंटर नम्बर 07853-220023 एवं राज्य स्तरीय टोल फ्री नम्बर 1800-233-3663 एवं 1967 में शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
