कोयगांव में पंचायत भवन नहीं, रंगमंच पर हो रही संचालित
राजदीप शर्मा
छोटे कापसी। ग्राम कोयगांव में पंचायत भवन नही होने से पंचायत प्रतिनिधि सहित ग्रामीण परेशान है। ग्राम पंचायत सरपंच, सचिव को पंचायत कार्यों के लिए सार्वजनिक स्थानों व,निजी भवन या पेड़ के नीचे आमसभा, ग्रामसभा तथा बैठक करनी पड़ती है। ग्राम पंचायत भवन नहीं होने से सचिव,सरपंच द्वारा कोयगांव पंचायत अंतर्गत आने वाले आश्रित ग्राम कमलपुर (पीवी 06) के रंगमंच पर पंचायत संचालित किया जा रहा है। पंचायत भवन नहीं होने से ग्राम के लोगों को खासी दिक्कत हो रही है। ग्रामीण श्याम गोटा, नरसिंह,सांता,सनकैर,मनकेर, ललिता,दुकाय बाई,शांति, सुकमी आदि ने बताया कि पंचायत भवन नही होने से विकास अटके पड़े हैं क्योंकि गांव मेंं अपना पंचायत भवन नहीं है। पंचायत भवन नहीं होने से इन ग्राम पंचायत के पूरे दस्तावेज छोटे से रंगमंच के एक आलमारी में तो कुछ सचिव के एक बैग में रहते हैं। गांव में ग्राम पंचायत की बैठक नहीं हो पाती। ग्राम पंचायत में जब कोई विशेष ग्रामसभा की जरूरत पड़ती है तब सरपंच,सचिव एवं नोडल अधिकारी द्वारा पेड़ के नीचे ग्रामसभा करवाते है। बारिश के दिनों में बैठक नही होती जिसके चलते योजनाओं की जानकारी नही मिल पाती है।
पंचायत सरपंच,सचिव के द्वारा ग्रामीणों के साथ मिलकर पिछले कई वर्षों से गांव में पंचायत भवन की मांग कर रहें, लेकिन शासन-प्रशासन मांग के प्रति गंभीर नहीं है। जिसके चलते ग्रामीण जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभाग से नाराज है। ग्रामीणों ने बताया कि जल्द ही हमारी मांग ग्राम कोयगांव में पंचायत भवन की स्वीकृति प्रदान नहीं की गई तो ग्रामीण अपनी मांग को लेकर जिला कलेक्टर जन दर्शन जाने की तैयारी कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि बैठक का कोई एक निर्धारित स्थल न होने के कारण गांव के कुछ लोग व ग्राम पंचायत के सदस्य बैठक में समय रहते नहीं पहुंच पाते। ग्रामीणों ने इस समाचार पत्र के माध्यम से जिला कलेक्टर,जिला पंचायत मुख्यकार्य पालन अधिकारी कांकेर से ग्राम पंचायत भवन बनवाने की मांग की है।
ग्राम पंचायत कोयगांव अंतर्गत तीन ग्राम आते है।कोयगांव,कमलपुर (पीवी 06),उजाला जिसमे लगभग 218 से भी अधिक परिवार है। ग्राम पंचायत भवन नही होने से सार्वजनिक स्थानों व पेड़ के नीचे लगाई जाती है ग्रामसभा।
इस विषय पर जगधेर उसेंडी, सरपंच ग्राम पंचायत कोयगांव ने बताया कि सरकारी पंचायत भवन नहीं होने के कारण निजी भवन या सार्वजनिक स्थल पर ही मीटिंग करनी पड़ती है। गांव में पंचायत भवन के लिए सचिव के द्वारा प्रस्ताव बनाकर जंप कार्यालय भेज दिया गया है।
इस संबंध पर सुशांत विश्वास,सचिव, ग्राम पंचायत कोय गांव ने बतलाया कि पंचायत भवन नहीं है। पंचायत भवन के लिए जप कार्यालय में प्रस्ताव भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही भवन निर्माण का कार्य कराया जाएगा।
