मुख्यमंत्री बिष्णु देव साय ने किया बस्तर दसराहा पसरा के विकास कार्य का लोकार्पण

जगदलपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बस्तर जिले के एक दिवसीय प्रवास पर मुरिया दरबार में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान 2 करोड़ 99 लाख 78 हजार से अधिक राशि का बस्तर दशराहा पसरा के विकास कार्य का लोकार्पण किया।

जगदलपुर के दंतेश्वरी मंदिर के समीप स्थित पुराने तहसील कार्यालय को जीर्णोद्धार कर बस्तर दशहरा के लिए समर्पित किया गया है। इसका नाम बस्तर दसराहा पसरा (बस्तर दशहरा हेतु स्थल) दिया गया है। मुख्यमंत्री ने पसरा में बस्तर दशहरा के विभिन्न रस्मों की फोटो प्रदर्शनी, प्रतीकात्मक रथ, देवी देवताओं के प्रतीकों की सराहना की। साथ ही प्रतीकात्मक रथ के समीप फोटो भी खिंचवाई।
इस “दसराहा पसरा” में 75 दिवसीय दशहरा उत्सव में होने वाले मुख्य विधि विधान -पाट जात्रा, डेरी गड़ाई, काछन गादी, रैला देवी पूजा, जोगी बिठाई, रथ परिक्रमा, बेल पूजा, निशा जात्रा, मावली परघाव, भीतर रैनी-बाहर रैनी काछन जात्रा, कुटुम्ब जात्रा एवं डोली विदाई की जीवन्त प्रतिकृति स्थापित कर जन सामान्य एवं पर्यटकों को सुलभ जानकारी देने का प्रयास किया गया है।

प्रसिद्ध बस्तर दशहरा पर्व छत्तीसगढ़ की अनूठी सांस्कृतिक विशेषता एवं बस्तर की जनजातियों की आराध्य देवी दंतेश्वरी तथा स्थानीय देवी-देवताओं के पूजा विधान के रूप में मनाया जाता है। तहसील कार्यालय में पहले से चली आ रही परंपरा अनुसार दशहरा पर्व में शामिल होने वाले क्षेत्र के सभी देवी देवता, आंगादेव, देवी की छत्र की उपस्थिति इसी स्थल पर दर्ज की जाती रही है। इसलिए प्रशासन द्वारा तहसील कार्यालय को अन्य स्थल पर स्थांनातरित कर पुराने तहसील कार्यालय को दसराहा पसरा के लिए चिन्हांकित कर दिया गया है। इस अवसर पर वनमंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, विधायक किरण देव, कोंडागांव विधायक लता उसेंडी, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, महापौर सफिरा साहू, पूर्व सांसद और विधायक, पार्षद एवं अन्य जनप्रतिनिधि, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी., कलेक्टर हरिस एस, पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *