झारखंड के तोरपा में बुलेट राजा केदार कश्यप की धूम

अर्जुन झा-
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री और तेज तर्रार युवा आदिवासी नेता केदार कश्यप आज झारखंड के तोरपा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान बुलेट राजा के अवतार में नजर आए। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी कोचे मुंडा के समर्थन में सैकड़ों युवाओं के साथ मोटर साइकिलों और कारों की रैली के माध्यम से चुनाव प्रचार किया।

केदार कश्यप भाजपा संगठन की उम्मीदों के मुताबिक अपने दायित्व का निर्वहन झारखंड विधानसभा के चुनाव में कर रहे हैं। इस चुनाव में भाजपा नेतृत्व ने वन मंत्री केदार कश्यप को सिमडेगा, खूंटी, तोरपा समेत चार विधानसभा क्षेत्रों का कलस्टर प्रभारी बनाकर झारखंड भेजा है। भूख प्यास की परवाह किए बिना केदार कश्यप चारों पार्टी प्रत्याशियों की विजय सुनिश्चित करने के लिए जी जान से जुटे हुए हैं। केदार कश्यप के प्रभार वाले कलस्टर के चारों विधानसभा क्षेत्र आदिवासी बाहुल्य हैं और श्री कश्यप स्वयं आदिवासी हैं। उनकी वहां सक्रियता का व्यापक लाभ पार्टी प्रत्याशियों को मिल रहा है। श्री कश्यप संगठन के भरोसे पर लगातार खरे उतर रहे हैं। वे वहां लगातार चुनावी सभाएं ले रहे हैं और रैलियां कर रहे हैं। केदार कश्यप वहां के युवाओं और आदिवासियों का दिल जीतने में लगातार कामयाब होते जा रहे हैं। सोमवार को उन्होंने तोरपा युवा कार्यकर्ताओं द्वारा निकाली गई विशाल बाइक एवं कार रैली में शिरकत की। श्री कश्यप रैली के दौरान एक युवा कार्यकर्ता की बुलेट बाइक पर पीछे खड़े होकर मतदाताओं का अभिवादन करते और उनसे भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील करते रहे। इसके अलावा मंत्री केदार कश्यप पार्टी प्रत्याशी कोचे मुंडा के साथ ओपन कार पर सवार होकर भी रैली में शामिल हुए। रैली के दौरान जगह जगह केदार कश्यप और प्रत्याशी कोचे मुंडा पर लोगों ने पुष्प वर्षा भी की। कई स्थानों पर महिलाओं और युवतियों ने केदार कश्यप और कोचे मुंडा की आरती उतारी और बुजुर्गों ने उन्हें आशीर्वाद भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *