यशवंत जैन-चिमन देशमुख की जोड़ी के कमाल ने होश उड़ा दिए बड़े-बड़े सियासी शूरमाओं के

-अर्जुन झा-
बालोद। पिछले विधानसभा चुनाव में बालोद जिले में तीन सीटें गंवाने के बाद भाजपा ने निकाय और पंचायत चुनावों में जिस तरह जबरदस्त परफॉरमेंस दिखाते हुए कांग्रेस का सफाया कर दिया है, उसने बड़े बड़े राजनैतिक पंडितों के सिर चकरा दिए हैं। सियासत के शूरमा यह सोच सोच कर हैरान हुए जा रहे हैं कि विधानसभा चुनाव में पिछड़ने के बाद भाजपा ने ऐसी विजय आखिर कैसे हासिल कर ली? दरअसल बड़े बड़े राजनैतिक विश्लेषकों के आकलन को धराशायी करने का यह हैरतअंगेज कारनामा भाजपा के कुशल रणनीतिकार कहे जाने वाले युवा नेता यशवंत जैन ने कर दिखाया है। यशवंत जैन की दूरदर्शिता पूर्ण कुशल रणनीति के चलते अकेले बालोद जिले में ही नहीं, बल्कि कांकेर जिले में भी भाजपा का परचम लहराया है। दल्ली राजहरा नगर पालिका में तो इसी कुशल रणनीति ने कांग्रेस के 25 साल से कायम वर्चस्व को धराशायी कर दिया है।
राज्य में बीजेपी के सत्ता में आते ही उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा को बालोद जिले का प्रभारी मंत्री बना दिया गया। इसके बाद खोज शुरू हुई एक ऐसे नेता की, जो बालोद और कांकेर जिलों में भाजपा संगठन में जान फूंक सके। ऐसे दमदार नेताओं की फेहरिस्त में पहला नाम आया यशवंत जैन का। श्री जैन बीजेपी के उन नेताओं में शुमार हैं, जो अपने छात्र जीवन से ही बालोद जिले में भाजपा को मजबूत बनाने का काम करते आ रहे हैं। पहली बार जब भाजपा सत्ता में आई तब यशवंत जैन भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष बने। यशवंत जैन के सूझबूझ पूर्ण राजनीतिक कौशल का उपयोग पार्टी ने लोकसभा चुनाव से लेकर नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों तक में किया, उन्हें चुनाव में बागडोर सौंपा और श्री जैन ने अपनी राजनीतिक दूरदर्शिता का परिचय देकर कांकेर जिला पंचायत, जनपद और निकाय चुनावों में बीजेपी का परचम लहराया, साथ ही बालोद जिले में बीजेपी जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख के साथ मिलकर दल्ली राजहरा नगर पालिका में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष पदों पर भाजपा को जीत दिलाई और 25 साल से चले आ रहे कांग्रेस के प्रभुत्व को समाप्त कर दिया। जैन और देशमुख की जोड़ी ने दल्ली राजहरा के साथ ही डौंडी लोहारा, गुंडरदेही और बालोद निकायों में भी ट्रिपल इंजन की सरकार बनवा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *