सौदा एक हजार वर्गफीट की, रजिस्ट्री करा ली 3690 वर्गफीट जमीन की

जगदलपुर। शहर से सटे हाटकचोरा में जमीन खरीदी बिक्री में फजीवाड़ा का बड़ा मामला सामने आया है। रायपुर निवासी वीरेंद्र कुमार के नाम से हाटकचोरा पटवारी हल्का नं. 32 में खसरा नं. 141/1/1 पर रकबा 0.8179 हे. अर्थात 3690 वर्गफीट भूमि दस्तावेज में उल्लेख है। भूमि स्वामी द्वारा उक्त भूमि में से 1 हजार वर्गफीट भूमि नयापारा निवासी मोदी परिवार के नाम बिक्री की थी, जिसका रजिस्ट्री प्रकरण में दर्ज है। भूमि स्वामी ने आरोप लगाया है कि जालसाजी कर फर्जी हस्ताक्षर कर पूरी जमीन का पंजीयन फर्जी ढंग से कराया गया है। भूमि स्वामी ने इस फर्जीवाड़ा मामले में न्याय पाने
प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष, गृहमंत्री एवं बस्तर आईजी को शिकायत कर जालसाजी करने वाले 6 आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

बस्तर जिले के जगदलपुर नगरीय निकाय व ग्रामीण सीमा क्षेत्र के हाटकचोरा में रायपुर निवासी विरेंद्र कुमार लाला ने जमीन खरीदी की की थी। आरोप है कि नयापारा के मोदी परिवार ने दलालों के साथ मिलकर इसमें धोखाधड़ी की है। भू स्वामी विरेंद्र कुमार लाला ने इसकी उच्च स्तरीय शिकायत की। जिसके बाद गृहमंत्री विजय शर्मा ने आईजी बस्तर को जांच के आदेश दिए हैं। ज्ञात हो कि प्रार्थी ने कोतवाली थाने में तहरीर दी थी किंतु कोतवाली पुलिस द्वारा किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई है। भू स्वामी विरेन्द्र कुमार लाला ने लिखित शिकायत में कहा था कि जगदलपुर शहर हाटकचोरा लाल बहादुर शास्त्री वार्ड क्रमांक-06 पटवारी हल्का नम्बर-32 खतरा नम्बर 141/1/1. रकबा 0.8179 हेक्टेयर अर्थात 3690 वर्गफ्ट भूमि का स्वामी हूं। इस भूमि में से 1000 वर्गफीट का सौदा ज्योति मोदी पति राजेश मोदी निवासी कस्तूरबा रोड़ नयापारा, मोतीलाल नेहरू वार्ड जगदलपुर से हुआ था। इस 1000 वर्गफीट
भूमि की पंजीकृत विलेख द्वारा रजिस्ट्री निष्पादित की गई थी। आरोप है कि क्रेता ने 1000 वर्गफीट भूमि के अलावा शेष बची 2690 वर्गफीट भूमि का भी पंजीयन फर्जी हस्ताक्षर कर करवा लिया है। इस मामले में राजेश मोदी सहित पांच लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।
भू स्वामी ने इस मामले में संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध अपराधिक प्रकरण दर्ज कराने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह जोकि वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष हैं, उनसे भी शिकायत की है। जिसके परिपेक्ष्य में गृहमंत्री विजय शर्मा के कार्यालय से आईजी बस्तर को पत्र लिखा गया है, लेकिन इस पर को कार्रवाई हुई है या नहीं इसकी जानकारी नहीं है।

2690 वर्गफीट जमीन की रजिस्ट्री: मोहन ठाकुर
मोहन ठाकुर ने बताया कि उक्त खसरा नम्बर में 2690 वर्गफीट जमीन है, जिसकी रजिस्ट्री कर कुछ राशि नगद एवं कुछ राशि चेक के माध्यम से भूमि स्वामी को भुगतान किया गया।

धोखाधड़ी से रजिस्ट्री: भूमि स्वामी
भूमि स्वामी विरेन्द्र कुमार ने बताया कि 3690 वर्गफीट भूमि में से एक हजार वर्गफीट जमीन की बिक्री ज्योति मोदी पति राजेश
मोदी के पास की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया है कि फर्जी हस्ताक्षर कर शेष सभी जमीन की फर्जी ढंग से रजिस्ट्री कराई गई है। जिसमें भूमि दलाल एवं राजस्व विभाग की साठगांठ है।
भूमि का चेक से किया भुगतानः क्रेता
क्रेता राजेश मोदी ने बताया कि मेरे द्वारा 2690 वर्गफीट जमीन की खरीदी की गई है। जिसका पुरा भुगतान चेक के माध्यम से किया गया है। मेरे द्वारा किसी प्रकार से कोई जालसाजी नहीं की गई है। मोहन ठाकुर से उक्त भूमि स्वामी का क्या विवाद है इसकी मुझे कोई जानकारी नहीं है।

पुलिस ने की मामले की जांच
कोतवाली के पूर्व थाना प्रभारी ने बताया कि रायपुर के भूमि स्वामी से मामले की शिकायत प्राप्त हुई थी जिसकी जांच कराई गई थी। जांच के दौरान दस्तावेज की पड़ताल करने पर यह पाया गया कि 2690 वर्गफीट भूमि की रजिस्ट्री कराई गई है। मामला राजस्व से जुड़े होने के कारण विस्तृत जांच राजस्व विभाग के द्वारा कराए जाने की बात कही गई।
अब इस मामले में कौन सच और कौन झूठ बोल रहा यह तो जांच का विषय है।फिलहाल क्रेता और विक्रेता न्याय के लिए न्यायालय जाने की तैयारी में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *