बिहार में जगदलपुर का दम दिखाने में जुटे पर्यवेक्षक रेखचंद जैन

पटना। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी द्वारा बिहार विधानसभा चुनाव के लिए बिहार के पटना साहिब के पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए जगदलपुर के पूर्व विधायक एवं संसदीय सचिव रेखचंद जैन ने अपने कार्य क्षेत्र में मोर्चा सम्हाल लिया है। वहां वे एक्शन मोड में आ गए हैं।
जगदलपुर के पूर्व विधायक रेखचंद जैन की कार्यशैली, प्रतिभा और व्यवहार कुशलता को देखते हुए कांग्रेस नेतृत्व उन्हें प्रायः हर राज्य के चुनाव में जिम्मेदारी सौंपती आई है। इस बार उन्हें बिहार विधानसभा चुनाव में पटना साहिब और बांकीपुर विधानसभा सीटों के लिए पर्यवेक्षक बनाया गया है। कांग्रेस पर्यवेक्षक रेखचंद जैन ने पटना साहिब के बांकीपुर विधानसभा सीट में अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी है। रेखचंद जैन ने ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं की बैठक ली, वहां की भौगोलिक, राजनीतिक स्थिति और वहां के लोगों की मानसिक स्थिति, विचारधारा एवं परंपराओं के बारे में जानकारी ली। इसी आधार पर नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्हें मार्गदर्शन दिया। श्री जैन ने कहा कि हम सभी को पूरी तरह समर्पित भाव से पार्टी हित में काम करना है, घर घर जाकर कांग्रेस की रीति नीति और सिद्धांतों की जानकारी हर व्यक्ति तक पहुंचाना है और कांग्रेस को मजबूत करने है। आज देश में जो हालात चल रहे हैं उनके खिलाफ हमारे नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी जो संघर्ष कर रहे हैं उसकी जानकारी जन जन तक पहुंचाएं। रेखचंद जैन ने कहा कि पूरे देश में भाजपा और एनडीए विरोधी माहौल है तथा इंडिया गठबंधन से ही देश की जनता को उम्मीदें हैं। श्री जैन ने मतदाताओं की पहचान के लिए थोपे गए नए नियम का भी जिक्र किया और कहा कि यह मतदाताओं को मताधिकार से वंचित करने का प्रयास है। रेखचंद जैन ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आप सबकी मेहनत रंग लाएगी और बिहार में इंडिया गठबंधन की सरकार जरूर बनेगी। इस दौरान रेखचंद जैन के साथ पटना शहर जिला कांग्रेस के ज़िलाध्यक्ष शशि रंजन यादव, विजय सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष अभय जायसवाल, हेमंत चतुर्वेदी, शमीम अख्तर, राजेश यादव, वरिष्ठ कांग्रेस जन सहित सैकड़ो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *