बिहार विस चुनाव में छग के मंत्री केदार कश्यप ने झोंकी ताकत

पटना। छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप इन दिनों बिहार विधानसभा के चुनाव में अपना दम दिखा रहे हैं। वे बिहार के बंकीपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। मंत्री केदार कश्यप भाजपा प्रत्याशी नितिन नबीन की नामांकन रैली में भी शामिल हुए। बता दें कि नितिन नबीन छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठन प्रभारी भी हैं और उनके साथ मंत्री केदार कश्यप की अच्छी घनिष्ठता भी है। मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि बिहार में फिर से एनडीए की सरकार बनना तय। सुशासन बाबू के नाम से मशहूर नीतीश कुमार को जनता दिल खोलकर समर्थन दे रही है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने बिहार को विकसित राज्य बनाने में कोई कमी नहीं की है। बिहार में नीतीश कुमार जी का काम भी बोल रहा है। यहां के मतदाताओं ने एनडीए के ही उम्मीदवारों को चुनने का मन बना लिया है। बिहार में फिर से भारी बहुमत के साथ एनडीए की सरकार बनने जा रही है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि महा गठबंधन वाले एक दूसरे से ही गठबंधन नहीं कर पाए तो वे भला बिहार का विकास कैसे कर पाएंगे। उनका मकसद सिर्फ सत्ता हथिया कर बिहार को लूटना है, आतंक का राज कायम करना है। बिहार को लूटकर अपना खजाना भरने के सिवा इन्होंने कुछ नहीं किया। हर परिवार को सरकारी नौकरी के राजद के वादे पर तंज कसते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि ये तो आसमान से तारे तोड़ लाने जैसी बात है। बिहार का जितना बजट नहीं है, स्टेबलिसमेंट नहीं है, उससे ज्यादा नौकरियां भला कैसे दी जा सकती हैं? यह सरासर झूठा प्रलोभन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *