28 से हड़ताल करेंगे जूनियर ऑफिसर्स
जगदलपुर। संसाधन नहीं तो काम नहीं के सिद्धांत पर आधारित 17 सूत्रीय मांगों को लेकर 26 जुलाई तक सकारात्मक पहल नहीं होने पर छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ द्वारा 28 जुलाई से आंदोलन किया जाएगा। संघ की बस्तर इकाई ने कलेक्टर को हड़ताल की सूचना दे दी है।
संघ का कहना है कि तहसील कार्यालयों में तहसीलदारों को भौतिक, मानवीय संसाधनों, तकनीकी सुविधाओं, सुरक्षा, शासकीय वाहन एवं प्रशासनिक सहयोग की कमी के चलते कार्य निष्पादन में गंभीर कठिनाई हो रही हैं। 26 जुलाई तक इस दिशा में कोई स्पष्ट एवं सकारात्मक पहल नहीं होती है, तो संघ के सभी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार चरणबद्ध आंदोलन करेंगे। आदोलन के तहत 21 से निजी संसाधनों से कार्य बंद देंगे, 28 जुलाई को जिला स्तर पर सामूहिक अवकाश लेकर प्रदर्शन किया जाएगा, 29 जुलाई को संभाग एवं राज्य स्तर पर सामूहिक अवकाश एवं प्रदर्शन होगा और 30 जुलाई को प्रदेश स्तर पर सामूहिक अवकाश लेकर राजधानी में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद बेमियादी हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।
