शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा की खामियां दूर करने में जुटे जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी
जगदलपुर। बस्तर जिला पंचायत के उपाध्यक्ष व शिक्षा विभाग सभापति बलदेव मंडावी ने जिले में स्वास्थ्य व शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर फोकस करना शुरू कर दिया है। वे गांव गांव जाकर हालात का जायजा ले रहे हैं और कमियों को दूर करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित कर रहे हैं।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं सभापति बलदेव मंडावी एक जागरूक जनप्रतिनिधि हैं और जनहित में वे लगातार सक्रिय रहते हैं। वे स्वास्थ्य केंद्रों व स्कूलों में लगातार दबिश दे रहे हैं। श्री मंडावी ने शुक्रवार एवं शनिवार को बकावंड और बास्तानार ब्लाक के अंदरूनी क्षेत्रों के उप स्वास्थ्य केंद्र व बालक बालिका आश्रमों का आकस्मिक निरीक्षण किया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कापानार में डॉक्टर उपस्थित नहीं थे, केवल दो नर्सें उपस्थित थीं। स्टॉफ नर्स भगवती मंडावी व एएनएम सिल्विया एक्का ने उप स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी श्री मंडावी को दी। जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी ने महिलाओं के सुरक्षित प्रसव, मौसमी बीमारियों की रोकथाम और समय पर स्वास्थ्य केंद्र में उपस्थित रहने के लिए जरूरी दिशा निर्देश दोनों नर्सो को दिए। वहीं श्री मंडावी जब कापानार के दो आश्रमों में पहुंचे तो वहां अधीक्षक अनुपस्थित मिले। श्री मंडावी में आश्रमों में मौजूद छात्राओं से बातचीत करते हुए प्राथमिक शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उनसे गणवेश व पुस्तक वितरण, भोजन व्यवस्था आदि के बारे में पूछताछ की और विद्यार्थियों को आवश्यक खेल सामग्री के बारे में बताया गया। विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, स्वच्छता और भोजन व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली। श्री मंडावी ने छात्र-छात्राओं से कहा कि यदि कोई अनियमितता या परेशानी होती है, तो वे शिकायत कर सकती हैं। व्यवस्था उपलब्ध कराने की हमारी जिम्मेदारी है और हम उसके लिए लड़ेंगे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को पढ़ाई पर ध्यान देने और अपने ब्लॉक का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्हें बताया गया कि इस ब्लॉक को शिक्षा के मामले में पिछड़ा ब्लॉक माना जाता है और हमें सभी को इस पिछड़ेपन से बाहर निकलने के लिए मिलकर लड़ना होगा।
