जेडी पाण्डेय और डीईओ बघेल ने दूरस्थ स्कूलों में दी दबिश
लोहंडीगुड़ा। संयुक्त संचालक लोक शिक्षण बस्तर राकेश पाण्डे एवं जिला शिक्षा अधिकारी बस्तर बीआर बघेल द्वारा आज 6 अगस्त को विकासखंड लोहंडीगुड़ा के सुदूर अंचल संकुल केंद्र बिनता, भेजा और सतसपुर की शालाओं का औचक निरीक्षण किया गया। दोनों अधिकारी प्राथमिक शाला बिनता में प्रातः 9.45 बजे प्रार्थना में शामिल हुए।
श्री पांडे और श्री बघेल ने मिडिल स्कूल बिनता का निरीक्षण किया।शाला की छात्रा मंगला मौर्य ने अफसरों से अंग्रेजी में चर्चा की, जिसकी अधिकारियों ने सराहना की। इस दौरान शिक्षक डायरी का नियमित संधारण न करने पर रेशमा पाण्डे, कोदंड पाणिग्राही, संदीप भगत की एक-एक वेतन वृद्धि रोकी गई। कन्या आश्रम शाला भेजा में निरीक्षण किया गया। इस शाला के शिक्षक उदय राज बंसल को प्राथमिक शाला बिनता में तथा माध्यमिक शाला कोरली की शिक्षिका जमुना मौर्य को कन्या आश्रम शाला भेजा में तथा धनेंद्र ध्रुव को मिडिल स्कूल रायगोंदी से मिडिल स्कूल करेकोट में पदस्थ किया गया। तत्पश्चात माध्यमिक शाला कोरली में संयुक्त संचालक राकेश पांडे और जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल ने बच्चों के साथ मध्याह्न भोजन ग्रहण किया। अधिकारियों ने भोजन की सराहना की। तत्पश्चात हाई स्कूल बिनता में बच्चों को गणित विषय का अध्यापन करवाया गया तथा प्राचार्य एवं शिक्षकों को मुख्यालय में रहने हेतु कड़े निर्देश दिया गया।
दिया गणवेश, खेली क्रिकेट
जेडी श्री पांडे और डीईओ श्री बघेल ने रायगोदी के स्कूलों का निरीक्षण कर वहां के 14 बच्चों को गणवेश के दूसरे सेट का वितरण किया गया। शाला की शिक्षिका दामिनी सिंह तथा शिक्षक धनेंद्र ध्रुव के खिलाफ अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई की गई। श्री पांडे और श्री बघेल ने माध्यमिक शाला करेकोट में खेल कालखंड में बच्चों के साथ क्रिकेट खेला। आज सुदूर क्षेत्र घाटी नीचे के स्कूलों का दौरा शिक्षा कें क्षेत्र में कसावट लाने हेतु किया गया।
