वोट चोरी और जनादेश के अपमान के खिलाफ बीजापुर में कांग्रेस का कैंडल मार्च

बीजापुर, :-अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान और छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी, बीजापुर ने आज बीजापुर में कथित वोट चोरी, मतदाता सूची में हेराफेरी, और चुनावी धोखाधड़ी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बीजापुर के कांग्रेस भवन से जयस्तंभ चौक तक एक भव्य कैंडल मार्च निकाला गया, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर लोकतांत्रिक मूल्यों के हनन का आरोप लगाया।
लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा उजागर किए गए मतदाता सूची में हेराफेरी और जनादेश के अपमान के विरोध में आयोजित इस मार्च में बीजापुर के विधायक विक्रम शाह मंडावी और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां और कांग्रेस के झंडे थामे, साथ ही “वोट चोर, गद्दी छोड़” जैसे नारे लगाकर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
कैंडल मार्च का प्रारंभ बीजापुर के कांग्रेस भवन से हुआ और जयस्तंभ चौक पर इसका समापन हुआ। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुडियम, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश कारम, जनपद अध्यक्ष सोनू पोटाम, जनपद सदस्य मनोज अवलम, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम सल्लूर, पार्षद श्रीमती बबिता झाड़ी, महिला कांग्रेस की श्रीमती शेख राजिया, युवा कांग्रेस के एजाज खान, रामकुमार दुर्गम, नेहरू बघेल, अशोक राठी, बलराम कोरसा, बाबू लाल राठी सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
जिला कांग्रेस कमेटी ने इस प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा सरकार को चेतावनी दी कि लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जनता का विश्वास जीतने के लिए कांग्रेस हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *