वीर सीताराम कंवर के बलिदान दिवस पर दी श्रद्धांजलि

बीजापुर। वीर आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी सीताराम कंवर के बलिदान दिवस पर शुक्रवार संध्या गोंडवाना भवन बीजापुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कंवर समाज और सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारियों ने वीर सीताराम कंवर को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और वीर आदिवासी शहीदों के जयकारों के साथ हुआ। इसके बाद वक्ताओं ने वीर सीताराम कंवर के जीवन और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के संघर्ष में आदिवासी नायकों ने अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके संघर्ष और बलिदान को सदैव याद रखा जाना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि वीर सीताराम कंवर का बलिदान दिवस प्रतिवर्ष 9 अक्टूबर को मनाया जाता है। उपलब्ध ऐतिहासिक विवरणों के अनुसार, उनका जन्म मध्यप्रदेश के निमाड़ क्षेत्र के खरगोन जिले के डंग गांव में हुआ था। उन्होंने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया था।
09 अक्टूबर 1858 को अंग्रेजी सेना ने डंग गांव को घेर लिया था। इस संघर्ष में 20 क्रांतिकारी शहीद हुए, जबकि 58 वीरों को बंदी बनाकर तोप से उड़ाए जाने का उल्लेख मिलता है। इस तरह कुल 78 क्रांतिकारियों के बलिदान की स्मृति में यह दिवस मनाया जाता है।
कार्यक्रम में उपस्थित समाज के पदाधिकारियों ने वीर सीताराम कंवर के आदर्शों को आत्मसात करने और नई पीढ़ी तक आदिवासी वीरों के इतिहास, संघर्ष और बलिदान की गाथा पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस दौरान कंवर समाज के अध्यक्ष कमलेश पैंकरा, गोंड समाज अध्यक्ष कामेश्वर दुब्बा, गोंडवाना समन्वय समिति अध्यक्ष अमित कोरसा, डॉ. तरुण कंवर, सर्व आदिवासी समाज जिला उपाध्यक्ष पाकलू तेलम, दीपक साय, गुड्डू मोडीयम, राजू कुरसम, मोहन कुरसम, दिनेश, सहदेव कोवासी, साधना पैंकरा, श्रेयांश पैंकरा सहित अन्य सामाजिक पदाधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *