ग्राम करंदोला में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
जगदलपुर :-ग्राम करंदोला में इस वर्ष भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बड़े ही भव्य एवं धार्मिक माहौल में मनाया गया। इस आयोजन की योजना ग्राम सांस्कृतिक समिति द्वारा तैयार की गई थी और इसका सफल संचालन समिति के सदस्यों द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। साथ ही पूरे गांव के लोगों, विशेषकर युवाओं के सक्रिय सहयोग से यह पर्व और भी यादगार बन गया।
सुबह से ही गांव में पर्व जैसा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणजन पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर कलश यात्रा में सम्मिलित हुए। यात्रा शिशु मंदिर से प्रारंभ होकर कल्याण आश्रम तक निकाली गई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना कर स्वागत किया।
यात्रा के साथ ही भव्य शोभायात्रा भी आयोजित की गई, जिसमें राधा-कृष्ण की झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। भजन कीर्तन करते हुए श्रद्धालु झूमते हुए आगे बढ़े। “हारे कृष्णा, हारे रामा” और “राधे-राधे” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
कल्याण आश्रम पहुंचते ही आतिशबाजी का आयोजन किया गया, जिसने पूरे माहौल को उल्लासमय बना दिया। इसके बाद बच्चों के लिए सांस्कृतिक एवं धार्मिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
राधा-कृष्ण वेशभूषा प्रतियोगिता में बच्चों ने आकर्षक परिधान पहनकर मंच पर भाग लिया और विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।
क्विज प्रतियोगिता में श्रीकृष्ण के जीवन, शिक्षाओं और महाभारत से जुड़े प्रश्न पूछे गए। बच्चों ने उत्साहपूर्वक उत्तर दिए और सभी विजेताओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सबसे रोमांचक हिस्सा था मटका फोड़, रस्साकशी और दही हांडी।विशेष रूप से रस्साकसी खींच प्रतियोगिता में बस्तर जनपद अध्यक्ष संतोष बघेल एवं जिला पंचायत सदस्य श्री निर्देश दीवान भी सम्मिलित हुए और स्वयं प्रतियोगिता में भाग लेकर उत्सव में उमंग और बढ़ा दिया। युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक प्रतियोगिताओं में भाग लिया और दर्शकों ने जयकारों से उनका उत्साह बढ़ाया।
रात को भजन-कीर्तन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों और भजन मंडलियों ने श्रीकृष्ण भक्ति से ओत-प्रोत गीत प्रस्तुत किए। पूरे गांव ने जन्मोत्सव को उत्सव की तरह मनाया। अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
इस प्रकार, समिति के कुशल आयोजन और ग्रामवासियों एवं युवाओं के सहयोग से करंदोला का यह जन्मोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं और सामूहिक उत्साह का भी परिचायक रहा। शोभा यात्रा के के दौरान भानपुरी पुलिस ने भी चाक चौबंद व्यवस्था कर कार्यक्रम को सफल बनाने में भी अपना विशेष सहयोग प्रदान किया।
