छोटे देवड़ा में शैक्षणिक क्रांति का आगाज, बच्चों को खुद कोचिंग दे रहे हैं सरपंच संतोष कश्यप

बकावंड। अगर जनप्रतिनिधि सजग और कर्तव्यनिष्ठ हो जाएं, तो जनता की भलाई होनी ही है। ऐसे ही कर्तव्यनिष्ठ और सजग जनप्रतिनिधि की भूमिका निभा रहे हैं बकावंड विकासखंड की ग्राम पंचायत छोटे देवड़ा के सरपंच संतोष कुमार कश्यप। सरपंच श्री कश्यप ने गांव के बच्चों को एजुकेशनली और फिजिकली स्ट्रांग बनाने का बीड़ा उठाया है। शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सरपंच ने गांव में निशुल्क कोचिंग क्लास और योग व्यायाम सत्र की शुरुआत की है। कोचिंग क्लास में सरपंच खुद बच्चों का ज्ञान वर्धन कराते हैं।
ग्राम पंचायत छोटे देवड़ा में शिक्षा को बच्चों के मनो अनुकूल और बेहतर बनाने, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से पंचायत की बैठक सरपंच संतोष कुमार कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि गांव के बच्चों के लिए निशुल्क कोचिंग क्लास और योग-व्यायाम की शुरुआत की जाएगी। बीती शाम से ही कक्षाएं शुरू हो गईं हैं। कोचिंग क्लास में पहली से पांचवीं तक के बच्चों को शाम 5:30 से 6 बजे तक तथा कक्षा छठवीं से आठवीं तक के बच्चों को 6 से 6:30 बजे तक पढ़ाया जा रहा। सरपंच स्वयं बच्चों को पढ़ाते हैं। इसके अलावा गांव के शिक्षित युवक युवतियों से भी इसमें मदद ली जा रही है। शुरुआती दिन लगभग 30 से 40 बच्चे कोचिंग क्लास में शामिल हुए। इसके अलावा सुबह 5 से 6 बजे तक गांव के क्रिकेट मैदान पर योग और व्यायाम सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। यह पहल स्वतंत्रता दिवस से लेकर गणतंत्र दिवस तक, छह माह तक निरंतर चलेगी।इस अवसर पर देवा साहू, रूसब बघेल, मायाराम गोयल, सोनू राम सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *