खबर का असर; तारापुर की सड़क की मरम्मत शुरू

अर्जुन झा-
बकावंड। हमने दिन में तारे दिखा देने वाली तारापुर की प्रधानमंत्री ग्राम सड़क की बदहाली की खबर सामने लाई और अधिकारियों व ठेकेदारों को भी दिन में तारे, चांद सब दिखाई देने लगे। आनन फानन में सड़क की मरम्मत का कार्य ठेकेदार द्वारा शुरू कर दिया गया है।
दरअसल बकावंड विकासखंड में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई गई सड़कों का बड़ा बुरा हाल हो गया है। करोड़ों खर्च कर बनाई गई सड़कें अब चलने लायक भी नहीं रह गई हैं। ऎसी ही हालत विकासखंड के ग्राम तारापुर की प्रधानमंत्री ग्राम सड़क की हो गई है। यह सड़क राहगीरों को दिन में तारे दिखा रही है। गांवों में प्रधानमंत्री सड़क निर्माण के नाम पर जमकर भ्रष्टाचार किया गया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की निर्माण एजेंसी के अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से स्तरहीन सड़कें बनवाई गई हैं, जिसका नतीजा यह हो रहा है कि ये सड़कें 5-6 माह भी नहीं टिक पा रही हैं। इनकी हालत पुरानी सड़कों से भी बदतर हो गई है। गड्ढों और कीचड़ से सराबोर ये सड़कें ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गई हैं। पड़ोसी राज्य ओड़िशा के बिल्कुल करीब स्थित बकावंड ब्लाक की ग्राम पंचायत तारापुर का मुख्य मार्ग और राजामुंडा मुख्य मार्ग बदहाल हो गए हैं। इनका निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कराया गया है। ये सड़कें बस्तर को ओड़िशा से जोड़ती हैं। इस मुख्य मार्ग से सैकड़ों गाड़ियां गुजरती हैं। रेत लदे दर्जनों ट्रकों का भी आवागमन इसी सड़क पर होता है। एक तो घटिया निर्माण, ऊपर से ओवर लोड रेत भरे ट्रक टिप्परों के दबाव ने सड़कों का हुलिया और भी बिगाड़ दिया है।

नहीं कराया गया डामरीकरण
हमने जैसे ही यह खबर उजागर की, अधिकारी हरकत में आ गए, उन्होंने ठेकेदार को हड़काया और ठेकेदार ने भारी भरकम मशीनों की मदद से सड़क के गड्ढों को पटवाना शुरू कर दिया है, मगर यह समस्या का अस्थायी समाधान है। बारिश हुई तो हालत फिर जस की तस हो जाएगी। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पक्की डामरीकृत सड़कें बनवाने का प्रावधान है, मगर बकावंड ब्लॉक की तारापुर ग्राम पंचायत समेत तमाम गांवों में जितनी भी सड़कें इस योजना के तहत बनवाई गई हैं, उनका डामरीकरण ही नहीं कराया गया है। अंदरूनी क्षेत्र में गांवों के स्थित होने के कारण ऎसी भर्राशाही की गई है। सड़कों का पूरी तरह निर्माण कराए बिना ठेकेदारों को पूरा भुगतान कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *