स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय में विदाई एवं सम्मान समारोह संपन्न
बीजापुर :– स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम हायर सेकंडरी विद्यालय भोपालपटनम में गुरुवार को एक भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लंबे समय से शिक्षा सेवा में समर्पित चार शिक्षकों—श्रीमती गगन पामभोई, श्री एट़टी राजन्ना श्री देवी सिंह कश्यप एवं श्री ओमप्रकाश लम्बाड़ी—के स्थानांतरण और पदोन्नति पर विद्यालय परिवार द्वारा उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना से की गई। समारोह में विद्यालय के लगभग 350 छात्र-छात्राएँ एवं समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। वातावरण भावुकता से भरा रहा, हर किसी की आंखें नम थीं।
27 वर्षों की सेवा के बाद पदोन्नति
श्रीमती गगन पामभोई वर्ष 1998 से राजनीति शास्त्र की व्याख्याता के रूप में सेवा दे रही थीं। 27 वर्षों की समर्पित सेवा के बाद उन्हें प्राचार्य पद पर पदोन्नति प्राप्त हुई है। उनकी लगन और कार्यशैली सभी के लिए प्रेरणादायी रही है।
एनसीसी में अनुशासन की मिसाल
श्री एटटी राजना, जो सितंबर 2002 से रसायन शास्त्र विषय के व्याख्याता रहे, ने एनसीसी अधिकारी के रूप में भी विद्यार्थियों को अनुशासन और सेवा की भावना का पाठ पढ़ाया। उनका बच्चों से विशेष लगाव रहा, विशेषतः स्थानीय होने के कारण।
सरलता और मधुर व्यवहार के प्रतीक
श्री देवी सिंह कश्यप, जो फरवरी 2003 से हिंदी विषय के व्याख्याता रहे, अपने मिलनसार और सरल स्वभाव के कारण छात्र-छात्राओं और सहकर्मियों में अत्यंत लोकप्रिय रहे।
गणित एवं भौतिकी के ज्ञाता
श्री ओमप्रकाश लम्बाड़ी का युक्तियुक्तिकरण के अंतर्गत स्थानांतरण हुआ। वे गणित और भौतिकी में अपनी विशेषज्ञता के लिए जाने जाते हैं और छात्रों को उनके अनुभव से निरंतर लाभ मिलता रहा।
प्रेरक उद्बोधन और शुभकामनाएं
पदोन्नत शिक्षकों ने अपने उद्बोधनों में विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, ईमानदारी और माता-पिता के सम्मान को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने अपने संघर्षों और अनुभवों को साझा कर छात्रों को आत्मविश्वास से आगे बढ़ने का संदेश दिया।
अंत में विद्यालय के प्राचार्य श्री एन. राजेश ने सभी स्थानांतरित एवं पदोन्नत प्राचार्यों को श्रीफल, साल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने आशा जताई कि सभी शिक्षक अपने नवीन संस्थानों में भी शिक्षा के क्षेत्र में ऊँचाइयों को छुएंगे।
नवीन पदस्थापन विवरण:
श्रीमती गगन पामभोई – स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम कन्या विद्यालय, भोपालपटनम
श्री एट़टी राजन्ना – स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय, सकनापल्ली
श्री देवी सिंह कश्यप – स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय, चेरपल्ली
कार्यक्रम संचालन एवं सहयोग
इस कार्यक्रम का सफल संचालन श्री संजय चिंतूर ने किया। आयोजन को सफल बनाने में श्री ए. नागेश्वर राव (प्रधानाध्यापक), श्रीमती गौरी बाई कावटी, श्रीमती जी. श्वेता, श्रीमती मरियम एक्का, श्री राकेश केतारप, श्री पवन देवांगन सहित समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
