मंत्री केदार कश्यप की लोकप्रियता से घबरा गई है कांग्रेस: दिलीप पेद्दी

सुकमा। कांग्रेस द्वारा मंत्री केदार कश्यप पर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिलीप पेड्डी ने कहा है कि मुद्दा विहीन कांग्रेस निम्न स्तर की राजनीति कर रही है और कांग्रेस की बौखलाहट का नतीजा है कि अब वह लोकप्रिय मंत्री की छवि धूमिल करने का कुत्सित प्रयास करने लगी है।
भाजपा नेता दिलीप पेद्दी ने कहा है कि प्रदेश की जनता मंत्री केदार कश्यप के काम और उनकी ईमानदार छवि व मिलनसार छवि से भली-भांति परिचित है, कांग्रेस द्वारा फैलाई जा रहीं इस तरह की अफवाहों से मंत्री श्री कश्यप की छवि पर किसी भी तरह असर नहीं पड़ेगा और न ही कांग्रेस नेताओं के नापाक मंसूबे पूरे हो पाएंगे। सुकमा जिला भाजपा उपाध्यक्ष दिलीप पेड्डी आगे कहा कि मंत्री केदार कश्यप ने हमेशा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई और ग्रामीण विकास जैसे बुनियादी क्षेत्रों को प्राथमिकता दी है। उनके प्रयासों का नतीजा है कि प्रदेश के सुदूर अंचलों तक योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है साथ ही सुकमा जिले के विकास में मंत्री श्री कश्यप का निरंतर योगदान रहता है। प्रदेश के लोकप्रिय, मिलनसार व्यक्तित्व वाले आदिवासी नेता की छवि ख़राब करने की कोशिश करना सीधे-सीधे जनता के फैसले का अपमान करना है।श्री पेद्दी ने कहा कि मुद्दा विहीन कांग्रेस अपने कार्यकाल के पांच सालों में प्रदेश का विकास करने में विफल रही और सिर्फ़ घोटाले करने में लगी रही। अब कांग्रेस के पास न तो कोई ठोस मुद्दा बचा है और न ही विकास का कोई विज़न, जिसे वह जनता के सामने रख सके। कांग्रेस के कई बड़े नेताओं के घोटाले एक के बाद एक सामने आ रहे हैं। कांग्रेस की सच्चाई जनता के सामने आ गई है।यही कारण है कि बार-बार निराधार बातें गढ़कर राजनीतिक वातावरण को दूषित करने का प्रयास कांग्रेस के नेता कर रहे हैं। श्री पेद्दी ने चेतावनी भरे अंदाज़ में कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की घटिया राजनीति को देख रही है और आने वाले समय में विपक्ष को इसका जवाब जनता फिर से देगी। दिलीप पेद्दी ने कहा है कि मंत्री कश्यप पूरी तरह जनसेवा और विकास कार्यों के लिए प्रतिबद्ध हैं और इस तरह के आरोप न उनके संकल्प को तोड़ पाएंगे, न ही जनता के बीच उनकी लोकप्रियता को कम कर पाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *