मंत्री केदार कश्यप द्वारा कर्मचारी से अभद्र व्यवहार के विरोध में कांग्रेसियों ने घेराव व पुतला दहन किया
जगदलपुर :- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री दीपक बैज के निर्देशानुसार भानपुरी ब्लॉक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री केदार कश्यप के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मंत्री द्वारा एक चतुर्थ वर्ग कर्मचारी को थप्पड़ मारने और उसकी माँ को गाली-गलौज करने की घटना को निंदनीय बताते हुए भानपुरी करन्दोला मुख्य चौक पर पुतला दहन किया तथा निवास कार्यालय का घेराव कर घंटों तक धरना दिया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए रैली निकाल कर मंत्री निवास कार्यालय की ओर कूच किया। पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद प्रदर्शनकारियों का जोश कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।
इस दौरान पूर्व विधायक श्री चंदन कश्यप ने कहा कि सत्ता के नशे में चूर भाजपा सरकार के मंत्री द्वारा एक छोटे कर्मचारी को थप्पड़ जड़ना और माँ के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करना इस सरकार के सुशासन के दावों की पोल खोलता है। उन्होंने कहा कि जनता और कर्मचारियों को प्रताड़ित करने वाली डबल इंजन सरकार के मंत्री को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो कांग्रेस प्रदेशभर में और भी बड़ा आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए और मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

