जिला पंचायत सदस्य योगेश बैज का अतिसंवेदनशील क्षेत्रों का दौरा, हॉस्टलों की बदहाल व्यवस्था उजागर…
जगदलपुर :- जिला पंचायत सदस्य योगेश बैज ने अतिसंवेदनशील क्षेत्र ग्राम पंचायत बोदली, पिच्चीकोड़ेर और हर्राकोड़ेर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गांव-गांव जाकर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनके हालचाल जाना। ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से अवगत कराया और क्षेत्र में शिक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं की कमी की ओर ध्यान आकर्षित कराया।
योगेश बैज ने विशेष रूप से हॉस्टलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पिच्चीकोड़ेर के हॉस्टल की स्थिति बेहद चिंताजनक पाई गई। 80 सीट क्षमता वाले इस हॉस्टल में मात्र 14 बच्चे ही निवासरत मिले, जबकि बाकी बिस्तर और कमरे खाली पड़े रहे। हॉस्टल की स्थिति देख उन्होंने अफसरों से सवाल किए और बच्चों की संख्या कम होने पर गंभीर चिंता जताई।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा शिक्षा और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर उसका असर नहीं दिख रहा है। बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
