विधायक विक्रम मंडावी की आवाज पहुंची पीसीसी तक
जगदलपुर। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में रेत के अवैध खनन, भंडारण और महाराष्ट्र व तेलंगाना तक तस्करी का मामला अब सरगर्म हो चला है। इस मुद्दे को बीजापुर विधायक विक्रम शाह मंडावी ने उठाया था। विक्रम मंडावी की आवाज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय तक पहुंच गई है। प्रदेश कांग्रेस दीपक बैज ने इस गंभीर मामले की जांच के लिए दस सदस्यीय कमेटी बना दी है।

बीजापुर जिले के भोपालपटनम क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन की जांच के लिए कांग्रेस की 10 सदस्यीय टीम गठित की गई है। जांच टीम में बस्तर के वरिष्ठ विधायक लखेश्वर बघेल के नेतृत्व में इस टीम में विधायक विक्रम मंडावी, पूर्व विधायक रेखचंद जैन, चंदन कश्यप और राजमन बेंजाम, छविंद्र कर्मा, नीना रावतिया सहित अन्य सदस्य शामिल हैं। यह टीम बीजापुर से तेलंगाना और महाराष्ट्र तक हो रहे अवैध रेत परिवहन की शिकायतों की जांच करेगी।
बीजापुर जिले से लगातार रेत के अवैध उत्खनन और पड़ोसी राज्यों में इसके परिवहन की शिकायतें मिल रही हैं। स्थानीय विधायक विक्रम मंडावी और अन्य कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया h कि भाजपा नेता और ठेकेदार गौतम राव के नेतृत्व में बड़े पैमाने पर रेत का अवैध भंडारण, उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। जिससे स्थानीय स्तर पर रेत की कमी हो रही है और कीमतें आसमान छू रही हैं।
अवैध परिवहन से जिले को रॉयल्टी का नुकसान हो रहा है। खनिज विभाग और जिला प्रशासन द्वारा ट्रकों की आवाजाही की जांच नहीं की जा रही न ही ओवरलोडिंग पर कोई कार्रवाई हो रही है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा नेता गौतम राव को सरकारी संरक्षण प्राप्त है और उन पर 28 लाख रुपये का जुर्माना लगने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है। बीजापुर में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन लंबे समय से चली आ रही है। विधायक विक्रम मंडावी ने पहले ही इस मुद्दे को उठाते हुए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा था चेतावनी दी थी कि यदि अवैध परिवहन नहीं रोका गया तो कांग्रेस आंदोलन करेगी। जांच टीम अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी।
