हाता ग्राउंड पर लगेगा दीपावली का खुदरा बाजार

जगदलपुर। महापौर संजय पांडे एवं मेयर इन काउंसिल के सदस्यों की सहमति से बस्तर जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स की मांग पर हाता ग्राउंड के संरक्षण एवं बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इस अवसर पर राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने कहा कि हाता ग्राउंड खेल मैदान है, था और रहेगा। इसे किसी भी प्रकार की क्षति नहीं पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि दीपावली पर्व के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शहर आते हैं और अपने स्वनिर्मित उत्पाद बेचते हैं। ऐसे में उनका सम्मान करना और उन्हें उचित स्थान उपलब्ध कराना नगर निगम की जिम्मेदारी है। साथ ही शहर को भी व्यवस्थित रखना सभी का दायित्व है।
गांवों से आने वाले खुदरा व्यापारियों को हाता ग्राउंड में व्यापार करने की अनुमति दी गई है। संग्राम सिंह राणा ने कहा है कि हाता ग्राउंड के संरक्षण के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। पार्किंग की व्यवस्था ग्राउंड के बाहर रहेगी, किसी भी वाहन को अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। ग्रामीणों के बैठने एवं बिक्री के लिए नगर निगम की ओर से व्यवस्था की जाएगी। ग्राउंड को किसी भी प्रकार की क्षति नहीं होने दी जाएगी। हाता ग्राउंड के अंदर दीपावली पर्व से संबंधित सामग्री ग्राउंड के सीढ़ियों के किनारे किनारे लगाने की अनुमति दी गई है।राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने कहा कि दीपावली का त्योहार हम सभी मिलकर मनाएंगे और जगदलपुर शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखना हम सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। चिल्लर फुटकर विक्रेताओं की अनुमति सिर्फ दीपावली तक ही दी गई है. ग्राउंड में बल्ली गाड़ना, गड्ढा खोदना प्रतिबंधित किया गया है। सभी मैदान को बिना क्षति पहुंचाएं व्यापार करेंगे। दीपावली के बाद खेल आयोजन समिति को नियम व शर्तों के अनुसार मैदान को आधिपत्य दिया जाएगा।हाता ग्राउंड में पानी टैंकर, मोबाइल टॉयलेट एवं विद्युत व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *