तहसीलदार का आदेश बेअसर, पूर्व पार्षद करा रही हैं अवैध निर्माण
दल्ली राजहरा:- नगर पंचायत चिखलाकसा में एक पूर्व पार्षद और उनके परिवार द्वारा शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा कर मकान निर्माण किया जा रहा है। वार्ड के लोगों की शिकायत के बाद तहसीलदार निर्माण कार्य के खिलाफ स्थगन आदेश जारी किया है, लेकिन निर्माण कार्य बदस्तूर जारी है।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत चिखलाकसा के वार्ड 2 में पूर्व पार्षद संगीता साहू और उनके परिजनों द्वारा शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। इस जमीन पर अब वे पक्के मकान का निर्माण करा रहे हैं। जिस जमीन पर अतिक्रमण किया गया है, वह राजस्व रिकॉर्ड में खसरा नंबर 500 पर है और उसका रकबा 0.12 हेक्टेयर है। राजस्व विभाग के अभिलेख में यह जमीन पत्थर चट्टान वाली भूमि दर्ज है। वार्ड के नागरिकों ने इस अतिक्रमण और अवैध निर्माण पर आपत्ति दर्ज कराते हुए तहसील कार्यालय में आवेदन दिया था। इसके बाद तहसीलदार द्वारा स्थगन आदेश जारी कर राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी को मौका निरीक्षण के लिए भेजा था। जांच में शिकायत सही पाई गई। तहसीलदार ने अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ स्थगन आदेश पारित कर संगीता साहू को नोटिस भेजा है। संगीता साहू को 25 अक्टूबर को तहसील न्यायालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया है। स्थगन के बावजूद पूर्व पार्षद संगीता साहू एवं उनके परिवार द्वारा अवैध निर्माण का कार्य शासकीय भूमि पर किया जा रहा है जिस पर किसी भी तरीके से शासन प्रशासन द्वारा कार्यवाही नहीं की जा रही है। इससे वार्ड के नागरिकों में आक्रोश है।
