भाजपा नेता हूंगा मरकाम का हरीश कवासी पर बड़ा हमला
जगदलपुर। सुकमा जिले के भाजपा नेता हूंगा मरकाम ने हरीश कवासी और कांग्रेस नेताओं पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिले के कांग्रेस नेताओं को मुफ्त की शराब की लत लग चुकी है। अब मुफ्त में शराब न मिलने से वे बौखला उठे हैं और सेल्समैन को डराने धमकाने पर उतर आए हैं।
एक बयान में भाजपा ने श्री मरकाम ने कहा है कि कवासी लखमा के आबकारी मंत्री रहने के दौरान से उनके बेटे हरीश कवासी और सुकमा के कई कांग्रेस नेताओं को मुफ्त की शराब की जो लत लगी है, वह अब तक नहीं छूट पाई है। हर त्यौहार में इन नेताओं तक शराब की घर पहुंच सेवा होती थी। भाजपा की सरकार आने के बाद यह परंपरा बंद हो गई है। इस बार की दीपावली में मुफ्त की शराब न मिलने से बोखलाए हरीश लखमा एवं कांग्रेसी अनाप शनाप बयान दे रहे हैं। हूंगा मरकाम ने कहा है कि कांग्रेसियों को सिर्फ शराब ही नजर आती है। इनकी सरकार मे घर पहुंच सेवा होती थी, शराब में जमकर घोटाले किए गए। इसीलिए इनके नेता कवासी लखमा जेल की हवा खा रहे हैं। कांग्रेस नेता सेल्समैन को धमकी दे रहे हैं। हूंगा मरकाम ने पूछा है कि कांग्रेसी आखिर कब तक लोगों को मोहरा बनाकर राजनीति करते रहेंगे। अब बेटे की बारी है। पिता से ज्यादा तो कांग्रेस सरकार मे शराब घोटाला बेटे ने ही किया है। घोटाले की रकम से आलीशान बंगला बना रहा था। अब क्या हुआ? बंगला क्यों नहीं बन रहा है? भगवान के घर देर है अंधेर नहीं। श्री मरकाम ने कहा है कि हूंगा मरकाम पर आरोप लगाने वाले अपने नेता से पूछो कि आखिर किस मामले में वे जेल में एक साल से बंद हैं। पहले उसको दारू केस मे बरी करा लो फिर हूंगा मरकाम पर आरोप लगाना। मै साबित करके दिखाऊंगा की हरीश लखमा उसका पीए पांडे कितना पैसा शराब भट्ठी के मैनेजर से लेते हैं। उनका काल डिटेल निकलना चाहिए किस नेता एवं उसके करीबी ने मैनेजर से शराब और पैसों की डिमांड की है।वह पता चल जाएगा। आगे हूंगा मरकाम ने कहा कि जब पिता मंत्री थे तब पूरे बस्तर संभाग का हिसाब यही रखता था इसीलिए आज सुकमा जिले में शराब की कमाई से हिस्सा मांगना और ब्लेकमेल करना इनकी फितरत बन गई है। दीपावली मे न मिलने से प्रेस कांफ्रेंस नहीं वसूली कॉन्फ्रेंस कांग्रेस की नेताओं से कराई जा रही है। बाप के जेल जाने के बाद भी बेटे को बुद्धि नहीं आई है।
