मनरेगाकर्मियों ने विरोध जताकर मुख्यमंत्री के नाम सौपा ज्ञापन, मांगे जल्द पुरी नहीं तो अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी, 5 माह से वेतन नहीं, क्या रंगहीन-उमंगहीन और फीकी रहेगी कर्मियों की होली?

बीजापुर- महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजनांतर्गत जिले में कार्यरत अधिकारी कर्मचारी व ग्राम रोजगार सहायक एक दिवसीय सामुहिक अवकाश लेकर 14 मार्च को सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री के नाम से अपनी मांगों को जल्द पूर्ण करने बीजापुर एस डीएम देवेश कुमार ध्रुव को ज्ञापन सौपा।

ग्राम रोजगार सहायक संघ के जिला अध्यक्ष सुशील दुर्गम ने बताया कि लम्बे समय से मनरेगाकर्मी अपनी नियमितिकरण व विगत तीन वर्षों से लंबित वेतनवृद्धि के लिए संघर्षकर रहे हैं। शासन से हमारी दो सूत्रीय प्रमुख मांग है। पहली मांग चुनावी जन घोषणा पत्र को आत्मसात करते हुए मुख्यमंत्री माननीय भूपेश बघेल जी समस्त मनरेगा कर्मियों को नियमितीकरण करें। दूसरी मांग नियमितीकरण की प्रक्रिया पूर्ण होने तक ग्राम रोजगार सहायकों का वेतनमान निर्धारण कर समस्त मनरेगा कर्मियों पर सिविल सेवा नियम 1966 के साथ पंचायतकर्मी नियमावली लागू किया जावे। इसके अलावा मनरेगा योजना की शुरूआत होने के बाद पहली बार ऐसी विडंबना है कि मनरेगा अधिकारी कर्मचारियों को विगत चार-पांच माह से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। जबकि इस संबंध में लगातार शासन-प्रशासन को पत्राचार के माध्यम से आवेदन किया जा रहा है। किंतु अभी तक इस संबंध में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। जिससे कर्मचारियों में काफी असंतोष है। इसलिए होली पर्व पर मनरेगा कर्मियों की उपरोक्त मांगो को तत्काल पूरा करते हुए हमें होली महापर्व पर नियमितीकरण की सौगात प्रदाय करने ज्ञापन सौपा गया। जल्द ही इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो मनरेगा कर्मियों के लिए इस बार होली का यह त्यौहार रंगहीन-उमंगहीन और फीकी रहेगी।

अनिश्चिततकालीन आंदोलन की चेतावनी :-

ज्ञापन में मनरेगा कर्मियों ने मांगो को जल्द से जल्द पूरा नहीं करने की स्थिति में समस्त मनरेगा कर्मी जिसमें अधिकारी,कर्मचारी, ग्राम रोजगार सहायक शामिल है उन्होंने माह अप्रैल, 2022 के प्रथम सप्ताह से काम बंद कलम बंद कर अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी है।

ज्ञापन सौपने के दौरान मनरेगा महासंघ जिला बीजापुर के संरक्षक मनीष सोनवानी, जिला अध्यक्ष ललित मानिकपुरी, जिला सचिव प्रशांत यादव, बीजापुर ब्लाक अध्यक्ष पदुम साहू, उसूर ब्लाक अध्यक्ष अविनाश ठाकुर, विक्रम वर्मा, जिनेश कुमार, ममता जव्वा, रूखमणी श्रीवास्तव, ग्राम रोजगार सहायक संघ के जिला सचिव प्रताप सेमल, उसूर से विकास मोरला, के अलावा सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *