ग्रामीण समस्याओं के समाधान हेतु जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

बीजापुर
जिला पंचायत सदस्य श्रीमती नीना रावतिया उद्दे द्वारा आज जिला कलेक्टर बीजापुर को ग्राम पंचायत कमकानार एवं आश्रित ग्राम चिनाजोजेर के ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं के समाधान हेतु ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित रहे और अपनी समस्याओं को लेकर प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की।

ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया कि ग्राम पंचायत कमकानार में लगभग 300 मकान तथा आश्रित ग्राम चिनाजोजेर में लगभग 40 मकान ऐसे हैं, जहां अब तक विद्युत लाइन विस्तार नहीं हो पाया है। इसके कारण ग्रामीणों को दैनिक जीवन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की जा रही है।

इसके साथ ही क्षेत्र में विकास कार्यों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए तालाब गहरीकरण, नवीन ट्यूबवेल पंप स्थापना एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई।

जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे ने कहा कि क्षेत्र के ग्रामीणों की समस्याओं का शीघ्र समाधान होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि उन्हें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और उनका जीवन सुगम बन सके। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सभी मांगों पर संवेदनशीलता के साथ शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर सरपंच राजमणि ओयम जनपद सदस्य बोथी ताती, संजय उईका, नारायण ओयम, प्रवीण उईका, रमेश उईका, रमेश बोडू, सुक्कू उईका, सन्नू उईका साथ स्थानीय ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *