जगदलपुर शहर में स्थापित होगी लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा
जगदलपुर:- नगर पालिक निगम के वार्षिक बजट में भारतवर्ष के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा जगदलपुर शहर में स्थापित किए जाने का महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया है। इस ऐतिहासिक निर्णय के उपलक्ष्य में आज गुजराती समाज के पदाधिकारियों ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर महापौर संजय पांडे का शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया तथा आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर गुजराती समाज के प्रतिनिधियों ने महापौर को धन्यवाद देते हुए कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल देश की एकता, अखंडता और दृढ़ नेतृत्व के प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा की स्थापना से शहरवासियों, विशेषकर युवाओं को प्रेरणा मिलेगी और राष्ट्रीय एकता का संदेश सशक्त रूप से प्रसारित होगा।
नगर निगम कार्यालय में महापौर संजय पांडे सहित निगम के पार्षदों ने समाज के सदस्यों के साथ प्रस्तावित प्रतिमा स्थल को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की। बैठक में प्रतिमा के लिए उपयुक्त स्थान, सौंदर्यीकरण, पहुंच मार्ग तथा आसपास की सुविधाओं के संबंध में आवश्यक विचार-विमर्श किया गया। चर्चा उपरांत गुजराती समाज के पदाधिकारियों ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए, जिन पर सकारात्मक सहमति बनी।
महापौर संजय पांडे ने कहा कि इस प्रस्ताव को शीघ्र अमलीजामा पहनाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण सिंह देव तथा नगर निगम के तकनीकी अमले के साथ जल्द ही विस्तृत चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रतिमा स्थापना का कार्य शहर की गरिमा और ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के सशक्त स्तंभ रहे हैं। उनकी प्रतिमा की स्थापना से जगदलपुर शहर को एक नई पहचान मिलेगी और नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना और मजबूत होगी।
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, लक्ष्मण झा, संग्राम सिंह राणा, संजय विश्वकर्मा, पार्षद हरीश पारेख, गुजराती समाज के अध्यक्ष अनिल भाई पटेल, जयेश संघाणी, जयंत सोनी, नरेंद्र मोतीवाला, हरीश कोठारी, महेंद्र भानूशाली, विकास चौहान, विपिन जोबनपुत्रा, हितेश पटेल, उमेश भानूशाली, विकास चावड़ा, देवेश सोनी, धवल जोबनपुत्रा, अभीष्ट ठक्कर सहित समाज के अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे।
