टैक्स बकायादारों को बड़ी राहत, अब 30 अप्रैल तक पटा सकते हैं बकाया कर



जगदलपुर। नगर पालिक निगम जगदलपुर द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 मार्च 31 तक के लिए कर वसूली अभियान के तहत बड़े पैमाने पर राजस्व एकत्र किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव ने कर जमा करने की मियाद को 31 मार्च से बढ़ाकर 30 अप्रैल कर दिया है। 31 मार्च के बाद लगने वाले अधिभार से राज्य सरकार ने एक माह की छूट प्रदान की है। 30 अप्रैल के बाद 10 प्रतिशत पेनल्टी के साथ टैक्स वसूली की जाएगी।
नगर पालिका निगम जगदलपुर द्वारा इस वर्ष टैक्स वसूली का लक्ष्य 24 करोड़ 21 लाख 37 हजार निर्धारित किया गया था, इसमें से अब तक 19 करोड़ 11 लाख 27 हजार रुपए की वसूली की जा चुकी है। संपत्ति कर में वित्तीय वर्ष 2025-26 टैक्स वसूली का लक्ष्य 6 करोड़ 76 लाख 58 हजार निर्धारित था, जिसमें से 31 मार्च तक 6 करोड़ 63 लाख 31 हजार यानि 98.04 प्रतिशत की वसूली की जा चुकी। बकाया मांग के साथ इस वित्तीय वर्ष में 08 करोड़ 37 लाख 14 हजार वसूली लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसमें 07 करोड़ 96 लाख 53 हजार यानि 95.15 प्रतिशत नगर निगम द्वारा संपत्ति कर की वसूली की गई है। जल कर का वसूली लक्ष्य 8 करोड़ 25 लाख 9 हजार निर्धारित था, जिसमें से 31 मार्च तक 2 करोड़ 48 लाख 18 हजार की वसूली हो चुकी है।
नगर निगम द्वारा दुकानों के किराया में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 1 करोड़ 80 लाख 54 हजार की वसूली की गई है।

मेयर पाण्डेय व राणा की अपील
महापौर संजय पांडे ने सभी करदाताओं को अधिभार से बचने हेतु 30 अप्रैल तक टैक्स जमा करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि अधिक से अधिक लोग राज्य सरकार द्वारा दी गई छूट का लाभ उठाएं। जल कर अप्रैल माह में पटाकर अधिभार से बचें। राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने छत्तीसगढ़ सरकार के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव का धन्यवाद प्रेषित किया है जिन्होंने करदाताओं को एक महीने का छूट दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *