शहर में नजर आईं ईस्टर की खुशियां, आबाद रहे चर्च
जगदलपुर। गुड फ्राइडे के बाद ठीक तीसरे दिन यीशु मसीह के पुनः जी उठने की खुशी में आज रविवार को ईसाई समुदाय के लोगों ईस्टर पर्व पूनरुत्थान दिवस धूमधाम से मनाया।

ऐसा विश्वास मसीहियों को है कि आज के दिन भोर के समय मरियम मगदलीनी और सलोमी यीशु मसीह की कब्र को देखने गए, तो कब्र का पत्थर लुड़का हुआ मिला। इसी दौरान स्वर्ग के दूतों ने दर्शन देकर कहा तुम जीवित को मृतकों में क्यों ढूंढती हो। दूतों ने यीशु मसीह के चेलों को बताया कि यीशु मसीह जी उठा है। तब उसके चेले पतरस और यहोन्ना दौड़कर कब्र में गए कब्र को उन्होंने खाली पाया। उसके पश्चात यीशु मसीह 40 दिन तक लोंगों को दिखाई देते रहे। उसी को स्मरण करते हुए मसीह अनुयायियों ने आज ईस्टर पर्व अर्थात पुनरुत्थान दिवस मनाया। आज सुबह चंदैया मेमोरियल मेथोडिस्ट एपिस्कोपल लाल चर्च में तड़के महिला समिति के तत्वावधान में यीशु मसीह के जी उठने का दृष्टांत प्रस्तुत किया गया। आराधना का संचालन वेरोनिका दानी ने किया। आराधना के पश्चात मसीही समाज के लोग जुलूस की शक्ल में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी रेव्ह लारेंस दास और रत्नेश बेंजामिन की अगुवाई में ओ हो प्यारो मसीह जी उठा है, चलो दर्शन को चलें भजन गाते हुए मसीही कब्रिस्तान शांति नगर की ओर गए। कब्रिस्तान में दिवंगत परिजनों के कब्रों फूल माला अर्पित कर अगरबत्ती मोमबत्ती जलाई गईं। दिवंगतों को याद किया गया। इसी तरह करकापाल मसीही कब्रिस्तान में भी सुबह से लोगों का आना-जाना लगा हुआ था। मोमबत्तियों की रौशनी से नहाया कब्रिस्तान बहुत ही सुंदर दिखाई दे रहा था। शहर के सबसे पुराने गिरजाघर लाल चर्च में भी ईस्टर की आराधना संपन्न हुई। आराधना का संचालन रेव्ह लॉरेंस दास ने किया। प्रमुख वक्ता बिशप डॉ. एस सुना थे। इस दौरान कई सामाजिक संस्कार भी संपन्न कराए गए। कवायर और विभिन्न ग्रुपों ने ईस्टर के उपलक्ष में विशेष गीत गाए गए। वक्ता बिशप डॉ. एस. सुना ने अपने उपदेश में बताया कि ईस्टर पर्व मसीह के जी उठने की घटना से संबंधित है और इस संबंध मेंबाइबल से विभिन्न उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ बस्तर के लिए विशेष दुआ की गई और अमन चैन के लिए खुदा से दुआ मांगी गई। चर्च की आराधना के संपन्न होने के पश्चात मसीह विश्वासियों ने एक दूसरे को ईस्टर की बधाई दी।
ईस्टर मेला 6 को
ईस्टर के उपलक्ष में ईस्टर मिलन के रूप में सोमवार को लाल चर्च मैदान पर महिला समिति द्वारा एक भव्य ईस्टर मेले का आयोजन प्रतिवर्ष की भांति किया गया है। प्रवेश निशुल्क है। मेले में विभिन्न प्रकार के व्यंजन समाज के सदस्य बना कर लाएंगे और ईस्टर की खुशियों में शरीक होंगे।यह मेला 6 अप्रैल की संध्या 4 बजे प्रारंभ होगा।
