आपत्तिजनक टिप्पणी पर पत्रकारों में उबाल, आंदोलन की चेतावनी

भानुप्रतापपुर  :- नगर पंचायत के
पार्षद तुषार ठाकुर द्वारा पत्रकारों के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पत्रकार संघ भानुप्रतापपुर में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। संघ ने इस बयान को न केवल निंदनीय बल्कि पत्रकारिता की गरिमा पर सीधा हमला बताया है।

बताया गया है कि 2 अप्रैल 2026 को आयोजित “एसडीओपी हटाओ” प्रदर्शन के दौरान पार्षद तुषार ठाकुर ने सार्वजनिक मंच से पत्रकारों को “दलाल एवं चोर” कहकर संबोधित किया। इस टिप्पणी के सामने आते ही पत्रकारों में गहरा रोष फैल गया और इसे समाज में मीडिया की छवि को धूमिल करने वाला कृत्य बताया गया।

पत्रकार संघ ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही थाना भानुप्रतापपुर में पार्षद और कार्यक्रम आयोजकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।

संघ के पदाधिकारियों ने दो टूक कहा कि इस तरह की भाषा किसी भी जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देती और यह अभिव्यक्ति की मर्यादा के खिलाफ है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो 7 अप्रैल 2026 (मंगलवार) को भानुप्रतापपुर के मुख्य चौक में जोरदार प्रदर्शन और चक्का जाम किया जाएगा।

पत्रकारों ने साफ किया है कि वे अपनी सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे। फिलहाल पूरे मामले को लेकर जिले में माहौल गरमाया हुआ है और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *