सामुदायिक वन संसाधन और वन अधिकारों को लेकर मंथन
जगदलपुर। बस्तर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत उसरी में 05 अप्रैल को युवा प्रकोष्ठ बस्तर ब्लॉक एवं युवा प्रकोष्ठ उसरी के तत्वावधान में पंचायत भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में सामुदायिक वन संसाधन (सीएफआर), वन अधिकार अधिनियम एवं जनहित से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
कार्यक्रम में बस्तर संभाग युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष संतू मौर्य के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे बैठक के दौरान वक्ताओं ने वन अधिकार कानून के तहत मिलने वाले अधिकारों, ग्राम सभा की भूमिका तथा सीएफआर के माध्यम से ग्रामीणों को मिलने वाले लाभों के बारे में जानकारी दी साथ ही यह भी बताया गया कि किस प्रकार ग्रामीण अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं। इस अवसर पर युवाओं ने सक्रिय सहभागिता दिखाते हुए अपने विचार रखे और क्षेत्र में वन अधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में यह भी निर्णय लिया गया कि आने वाले समय में गांव-गांव जाकर लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके। बैठक के अंत में सभी उपस्थित जनों ने एकजुट होकर क्षेत्र के विकास एवं अधिकारों की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान युवा प्रकोष्ठ के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे, जिनके सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
