भैरमगढ़ में हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा और गृहमंत्री विजय शर्मा का पुतला फूँका
बीजापुर :- जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में बीते दिनों एक नाबालिग बालिका के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की जघन्य घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। इस अमानवीय वारदात के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर ने सोमवार को जिला मुख्यालय बीजापुर में प्रेस वार्ता किया और भाजपा व छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा का पुतला फूँका और जमकर नारेबाजी की।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विधायक विक्रम मंडावी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “जब से छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनी है, तब से बीजापुर समेत पूरे बस्तर संभाग में दुष्कर्म और महिलाओं-बच्चियों के खिलाफ अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। संयोग से इनमें से कई घटनाओं के पीछे भाजपा के सक्रिय नेता और कार्यकर्ता ही शामिल पाए जा रहे हैं। यह साफ दिखाता है कि भाजपा शासन में कानून का राज नहीं, बल्कि अराजकता और जंगलराज का राज चल रहा है।”
विधायक विक्रम मंडावी ने भैरमगढ़ की घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए आगे कहा “एक तरफ भाजपा सरकार ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का बड़ा-बड़ा नारा देती है, और दूसरी तरफ उसी भाजपा के लोग नाबालिग बच्चियों के साथ दरिंदगी कर रहे हैं। यह बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। भाजपा के राज में न तो बेटियां सुरक्षित हैं, न ही आम नागरिक। बीजापुर सहित पूरे प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सरकार के पास ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कोई ठोस योजना या इच्छाशक्ति नहीं है।” विधायक विक्रम मंडावी ने आगे कहा,
“यदि सरकार ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाती है तो आने वाले दिनों में ऐसी घटनाओं के खिलाफ और भी उग्र प्रदर्शन किए जाएंगे। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर हैं।” प्रेस वार्ता और प्रदर्शन व पुतला फूँकने के दौरान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष लालू राठौर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती नीना रावतिया उद्दे, जनपद अध्यक्ष सोनू पोटाम, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष व पार्षद बेनहुर रावतिया, मीडिया प्रभारी राजेश जैन, पूर्व युवा आयोग सदस्य प्रवीण डोंगरे, शहर कांग्रेस अध्यक्ष पुरुषोत्तम खत्री, कविता यादव, राजीव सिंह, कल्याण सिंह, बाबूलाल राठी, एमैया जंगम, जग्गी सेन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
