भाजपा ने डा.अम्बेडकर की जयंती पर उन्हें नमन किया, मनाया सामाजिक समरसता दिवस
जगदलपुर।
भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को भारतीय संविधान के निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती सामाजिक समरसता दिवस के रूप में मनायी और उन्हें नमन किया। जिले के सभी तेरह मण्डलों में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम आयोजित किये गये। पश्चिमी नगर मण्डल व पूर्वी नगर मण्डल के कार्यकर्ताओं ने राजेंद्र नगर वार्ड व तिरंगा चौक में स्थापित बाबासाहेब की प्रतिमा में माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किये। भाजपा जिला कार्यालय में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें डाॅ.अम्बेडकर के जीवन व उनके अमर योगदान को याद किया गया।
संगोष्ठी में मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पाण्डेय ने बाबासाहेब के व्यक्तित्व व कृतित्व का स्मरण करते हुये कहा कि डॉ.अम्बेडकर सामाजिक न्याय, समानता और मानवाधिकारों के अद्वितीय प्रतीक थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन वंचित, शोषित व पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा व उत्थान के लिये समर्पित किया। उनके विचारों ने ऐसे भारत की नींव रखी, जहां हर नागरिक को समान अवसर और सम्मान मिल सके।
बस्तर सांसद महेश कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि बाबासाहेब का जीवन हमें यह प्रेरणा देता है कि हम समाज में समरसता, न्याय व समानता के मूल्यों को सशक्त करें और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास के लाभ सुनिश्चित करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे डाॅ.अम्बेडकर के आदर्शो को अपने जीवन में आत्मसात करें।
पूर्व विधायक डॉ. सुभाऊ कश्यप ने कहा कि भारत रत्न बाबासाहेब डॉ.अम्बेडकर देश की अमूल्य निधि है, भाजपा प्रतिवर्ष उनके जन्म दिवस को सामाजिक समरसता दिवस के रूप मे मनाकर उनके आदर्शो पर चलती है। बाबा साहेब प्रखर वक्ता व प्रबुद्ध थे, वे दूरदर्शी,सहिष्णु होने के साथ ही देश के प्रति समर्पित थे। तात्कालीन सामाजिक विषमताओं को उन्होंने दूर करने का सफल प्रयास किया। भारतीय संविधान के निर्माता को देश सदैव याद रखेगा।
भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने भी अपने उद्बोधन में बाबासाहेब को शब्दरूपी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री परीस राम बेसरा ने किया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से सुधीर पाण्डेय, निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन, रामाश्रय सिंह, नरसिंह राव,लखीधर बघेल, ललिता बघेल, सफीरा साहू, प्रकाश झा, माहेश्वरी ठाकुर, संतोष बघेल, विनय सोना, सुरेश गुप्ता, राकेश तिवारी, शशिनाथ पाठक, सुधा मिश्रा, योगेश शुक्ला, दिगम्बर राव, संतोष बाजपेयी, संजय चंद्राकर, अतुल सिम्हा, कृष्ण कुमार शुक्ला, दिनेश केजी, ब्रिजेश शर्मा, रौशन झा, फिरोज बस्तरिया, राजेश श्रीवास्तव आदि सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
