5 साल से अधूरा पड़ा है रंगमंच, खोल रहा है भ्रष्ट तंत्र की पोल



जगदलपुर नगर पंचायत बस्तर के वार्ड 8 कुम्हड़ाकोट में सार्वजनिक रंगमंच का निर्माण कार्य पिछले पांच वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है। लाखों रुपयों की लागत से शुरू किया गया यह निर्माण आज भी पूरा नहीं हो सका है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन और ठेकेदार की लापरवाही के कारण गांव की बहुप्रतीक्षित सुविधा केवल अधूरी दीवारों और जर्जर निर्माण सामग्री तक सिमटकर रह गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि रंगमंच की दीवारें खड़ी कर दी गई हैं, लेकिन प्लास्टर का कार्य आज तक नहीं हुआ। वर्षों पहले लगाई गई लकड़ी की बल्लियां अब दीमक की भेंट चढ़ रही हैं। वहीं छत ढलाई के लिए सेंटरिंग का कार्य शुरू तो किया गया था, लेकिन निर्माण सामग्री उपलब्ध नहीं होने के कारण काम बीच में ही बंद हो गया। बाद में किराए की सेंटरिंग सामग्री भी वापस ले जानी पड़ी और निर्माण स्थल वीरान हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत और मांग के बावजूद न तो ठेकेदार ने निर्माण पूरा किया और न ही संबंधित विभाग के अधिकारियों ने कोई गंभीर पहल की। नतीजा यह है कि गांव के लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए आज भी उचित मंच उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।वार्ड पार्षद मंगल राम बघेल ने बताया कि वर्ष 2018 में जगदलपुर के एक ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य शुरू किया गया था, लेकिन कुछ समय बाद काम बंद कर दिया गया। इसके बाद से रंगमंच अधूरा पड़ा है और जिम्मेदार विभाग भी मौन बना हुआ है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र निर्माण कार्य पुनः शुरू कर रंगमंच को पूर्ण नहीं कराया गया तो वे जनआंदोलन और धरना-प्रदर्शन का रास्ता अपनाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ग्रामीणों का सवाल
पांच साल से अधूरा पड़ा रंगमंच अब ग्रामीणों के लिए बड़ा सवाल बन गया है। यदि निर्माण कार्य के लिए राशि स्वीकृत हुई थी तो काम अधूरा क्यों छोड़ा गया? ठेकेदार पर क्या कार्रवाई हुई? और प्रशासन अब तक चुप क्यों रहा? इन सवालों का जवाब ग्रामीण मांग रहे हैं। उनका कहना है कि विकास कार्यों में लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।

होगी जांच और कार्रवाई
कुम्हड़ाकोट में रंगमच निर्माण अधूरा रहने की जानकारी मेरे संज्ञान में है।पूरे मामले की जांच और दस्तावेजों की पड़ताल कर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। रंगमंच निर्माण का कार्य भी जल्द पूरा कराया जाएगा।
-तरुण पाल लहरे, सीएमओ, नगर पंचायत बस्तर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *