उड़ीसा को जोड़ने वाला मार्ग बदहाल: चार साल में ही उखड़ गई सड़क, घुटनों तक गड्ढे
-अर्जुन झा-
बकावंड। छत्तीसगढ़ और उड़ीसा को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क की हालत इन दिनों बेहद दयनीय हो चुकी है। बकावंड से लेकर कोलावल तक का मुख्य मार्ग निर्माण के मात्र चार वर्ष बाद ही पूरी तरह जर्जर हो गया है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जो बरसातहोने पर तालाब का रूप ले लेते हैं। स्थिति यह है कि कई स्थानों पर गड्ढे घुटनों तक गहरे हो गए हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की बदहाली को लेकर कई बार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना विभाग के अधिकारियों और ठेकेदार को अवगत कराया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जगदलपुर निवासी ठेकेदार सुरेश कुमार अरोरा के माध्यम से बनवाई गई है। ग्रामीणों ने ठेकेदार अरोरा से संपर्क किया तो उन्होंने जानकारी दी थी कि विभागीय निर्देशों के कारण मशीनें और वाहन अन्य कार्यों में लगे हुए हैं तथा वापस आते ही एक-दो दिनों के भीतर सड़क की मरम्मत करा दी जाएगी। यह आश्वासन करीब आठ महीने पहले दिया गया था और आज तक सड़क की मरम्मत शुरू नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग केवल गांवों को ही नहीं बल्कि सीधे उड़ीसा राज्य को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन सैकड़ों वाहन और राहगीर इस सड़क से गुजरते हैं, लेकिन बदहाल सड़क के कारण लोगों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। कई दोपहिया वाहन चालक गड्ढों में फंसकर गिर चुके हैं और बड़ी दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। ग्रामीणों ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों पर भी उपेक्षा का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सड़क की स्थिति को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने केवल आश्वासन दिया। अब बरसात का मौसम शुरू होने वाला है और सड़क की हालत दिन-प्रतिदिन और खराब होती जा रही है।ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग, जिला प्रशासन तथा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या इस बार भी ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे रहेंगे, या फिर उड़ीसा को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग की सुध लेकर आम जनता को राहत देंगे?
