रात एक बजे रेत खदान पर विधायक मंडावी ने मारा छापा
बीजापुर :- जिले में लगातार हो रही रेत तस्करी की खबर के बाद क्षेत्रीय विधायक विक्रम मंडावी ने रात एक बजे बीजापुर गीदम मार्ग पर स्थित मिंगाचल नदी में अचानक छापा मारा और वहां अवैध रूप से रेत निकाल कर परिवहन कर रहे दर्जनो वाहनों व तस्करों पर कार्यवाही करने प्रशासन को मजबूर किया । विधायक के इस तरह की कार्यवाही से एक बार फिर रेत तस्करों में हड़कंप मच गया है ।

जिले में लंबे समय से अवैध रूप से रेत खनन कर तस्करी किए जाने का मामला खबरों और जन चर्चा का मुद्दा बना हुआ था । क्षेत्रीय विधायक को भी इस बारे में लगातार जानकारी मिल रही थी । जिसके बाद विधायक मंडावी ने बीती रात अचानक मिंगाचल नदी में पहुंच कर रेत तस्करों को रंगे हाथ पकड़ने में सफलता हासिल किया है । विधायक मंडावी ने रेत खदान में अवैध रूप से परिवहन के संबंध में संबंधित अधिकारियों से और पुलिस को तत्काल घटना स्थल बुला कर कार्यवाही करने के निर्देश दिया । जिसके बाद विभाग ने अवैध रेत परिवहन कर रहे वाहनों और कुछ लोगों पर कार्यवाही करते हुए वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है ।
