करपावंड में बवाल मचवाने वाला भाजपाई सरपंच फरार, 14 आरोपी भेजे गए जेल
–अर्जुन झा-
बकावंड। बीते शुक्रवार 19 जून को करपावंड में जमीन की नापजोख और कब्जा दिलाने के लिए गई राजस्व विभाग व पुलिस की टीम पर किए गए हमले के मामले में पुलिस लोकेंद्र नेताम, मनीराम बघेल सहित 14 लोगों को गिरफ्तार कर जेल का रास्ता दिखा चुकी है। वहीं इस हमले का मास्टर माइंड और मारपीट करने वाला करपावंड का भाजपाई सरपंच लखमूराम नेताम एवं पंच लोकेंद्र निषाद फरार हो गए हैं। पुलिस इनकी सरगर्मी से तलाश कर रही है। उधर करपावंड में हालात सामान्य हो चली है और थानेदार शिवानंद सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात है।
करपावंड में बड़ा बवाल मचवाने के बाद भी सरपंच अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं।उन्होंने शनिवार को कई घरों पेयजल आपूर्ति बंद करा दी, जिसके कारण इन घरों में पेयजल की समस्या बनी रही। ज्ञातव्य हो कि शासकीय कार्य में बाधा डालने और अधिकारियों से मारपीट करने के मामले को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस वीडियो फुटेज एवं प्रत्यक्षदर्शी लोगो के बयान के आधार पर अन्य बवालियों की भी पहचान करने में जुट गई है। फिलहाल 14 लोगों को जेल भेजा जा चुका है। मामले का मुख्य आरोपी गांव का सरपंच एवं एक पंच फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जल कर की राशि में गोलमाल
सरपंच ने बदले की भावना से विरोधियों के घरों और मोहल्लों में शनिवार को पेयजल आपूर्ति बंद करा दी थी, जिसे लेकर लोगों में भारी आक्रोश था। दूसरे दिन सुबह जलापूर्ति व्यवस्था बहाल कर दी गई। जानकारी के अनुसार प्रत्येक परिवार से जल कर के रूप में 150 रूपए की वसूली की जाती है। विगत 3-4 माह की राशि वसूल कर पंचायत के खाते में जमा नहीं कराई गई है। ग्रामीणों ने सरपंच पर जल कर की राशि के गबन करने का आरोप लगाया है। वहीं पंचायत सचिव श्री पटेल ने बताया कि लगभग 200 घरों में नल कनेक्शन दिया गया है। जिसमें आवास पारा में पानी सप्लाई नहीं होती है। उन्होंने बताया कि लगभग 100 से अधिक परिवारों से प्रत्येक माह समूह के जरिए प्रति परिवार 150 रूपए के वाटर टैक्स की वसूली की जाती है। 3-4 माह का राशि वसूली कर सरपंच के पास जमा कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि पंचायत के खाते में राशि जमा नहीं कराई जाती और मुझे इस संबंध में ज्यादा जानकारी नहीं है।
बचे आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द
करपावंड में हालात सामान्य हो चुके हैं। पुलिस टीम लगातार गश्त कर रही है। 14 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। कुछ आरोपी फरार हैं। उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-शिवानंद सिंह,
टीआई, करपावंड थाना
